बोइंग कंपनी के लड़ाकू विमान बनाने वाले कर्मचारियों की हड़ताल पर जाने की तैयारी

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Aug 04, 2025

बोइंग के लड़ाकू विमान बनाने वाले कर्मचारी सोमवार को केंद्रीय मानक समय के अनुसार मध्य रात्रि में हड़ताल पर जाने की योजना बना रहे हैं। ‘इंटरनेशनल एसोसिएशन ऑफ मशीनिस्ट्स एंड एयरोस्पेस वर्कर्स यूनियन’ ने रविवार को बताया कि सेंट लुईस, सेंट चार्ल्स, मिसौरी और मैस्काउटा (इलिनोइस) स्थित बोइंग संयंत्रों में कार्यरत करीब 3,200 कर्मचारियों ने बोइंग के साथ संशोधित चार-वर्षीय श्रम समझौते को अस्वीकार करने के लिए मतदान किया।

यह मतदान पिछले सप्ताह सदस्यों द्वारा संकटग्रस्त कंपनी के पूर्व प्रस्ताव को अस्वीकार करने के बाद हुआ, जिसमें चार वर्ष में 20 प्रतिशत वेतन वृद्धि का प्रस्ताव था। यूनियन के नेताओं ने उस समय इस प्रस्ताव को मंजूरी देने की सिफारिश की थी और इसे एक ‘‘ऐतिहासिक समझौता’’ करार दिया था।

उन्होंने कहा था कि इस प्रस्ताव से चिकित्सकीय, पेंशन और कामकाजी घंटों से इतर काम करने के लाभों में सुधार होगा। इसके बाद एक सप्ताह के भीतर ही यूनियन के सदस्यों ने बोइंग के नवीनतम प्रस्ताव को अस्वीकार कर दिया।

बोइंग एयर डोमिनेंस के उपाध्यक्ष एवं महाप्रबंधक डैन गिलियन ने कहा, ‘‘ हमें निराशा है कि हमारे कर्मचारियों ने प्रस्ताव ठुकरा दिया .. हम हड़ताल के लिए तैयार हैं और हमने अपनी आकस्मिक योजना को पूरी तरह से लागू कर दिया है ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि हड़ताल न करने वाले हमारे कर्मचारी और ग्राहकों को कोई परेशानी न हो।’

कंपनी अपने दो बोइंग 737 मैक्स विमानों के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद से संघर्ष कर रही है। 2018 में इंडोनेशिया में और 2019 में इथियोपिया में इसके विमानों के दुर्घटनाग्रस्त होने से 346 लोगों की जान गई थी।

जून में एयर इंडिया द्वारा संचालित बोइंग का एक ड्रीमलाइनर विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिसमें कम से कम 260 लोग मारे गए थे। बोइंग ने, उसकी दूसरी तिमाही की आय में सुधार होने और घाटा कम होने की मंगलवार को घोषणा की थी। कंपनी को दूसरी तिमाही में 61.1 करोड़ अमेरिकी डॉलर का घाटा हुआ, जबकि पिछले साल इसी अवधि में उसे 1.44 अरब अमेरिकी डॉलर का घाटा हुआ था।

प्रमुख खबरें

Maharajganj District Court में महिला पर हमले के आरोप में पति और देवर गिरफ्तार

Virat Kohli और Gill के शतक, पहले ODI में भारत ने West Indies को 8 विकेट से दी मात

Kylian Mbappe बाएं घुटने की चोट के कारण Nations League के 3 मैचों से बाहर

Maharashtra: देवेंद्र फडणवीस किसानों के मुद्दे सुलझाएं या EC के प्रवक्ता बनें, कांग्रेस नेता का तंज