By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 23, 2026
कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के एक शौचालय में शुक्रवार सुबह टिश्यू पेपर पर हाथ से लिखा एक नोट मिला, जिसमें विमान में सवार होने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले एक द्वार (‘बोर्डिंग गेट’) पर बम होने की चेतावनी दी गई थी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने हवाई अड्डे पर व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया गया।
बिधाननगर शहर पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘पुलिस नोट बरामद करने वाले सफाई कर्मचारी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने के लिए सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है कि नोट किसने छोड़ा था।’’ हवाई अड्डे के एक अधिकारी ने बताया कि पूरे हवाई अड्डे पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है, लेकिन उड़ानों का परिचालन प्रभावित नहीं हुआ है। यह घटना हवाई अड्डे पर आठ अक्टूबर को ईमेल के जरिए बम की धमकी मिलने के करीब दो सप्ताह बाद हुई है। उस ईमेल में हवाई अड्डा परिसर में विस्फोटक रखे होने की चेतावनी दी गई थी।
इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने यात्रियों को सतर्क किया और हवाई अड्डे के कुछ हिस्सों को खाली कराकर तलाशी अभियान चलाया था, लेकिन कोई विस्फोटक सामग्री नहीं मिली थी।