Bombay High Court ने Analog Paneer परोसने वाले ठाणे के होटल को राहत देने से किया इनकार

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Aug 22, 2026

मुंबई उच्च न्यायालय ने शुक्रवार को ग्राहकों को प्रतिबंधित एनालॉग पनीर परोसने के मामले में महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) की कार्रवाई का सामना कर रहे ठाणे के एक रेस्तरां को कोई भी अंतरिम राहत देने से इनकार कर दिया। अदालत ने कड़ी टिप्पणी करते हुए कहा कि ग्राहकों को सड़ा हुआ खाना खिलाकर परेशान करने वाले रेस्तरां को भी कुछ समय के लिए कष्ट सहना पड़ेगा। एनालॉग पनीर एक गैर-डेयरी विकल्प है, जिसे दूध के वसा के बजाय वनस्पति तेल, स्टार्च, इमल्सीफायर और अन्य एडिटिव्स का उपयोग करके बनाया जाता है।

सार्वजनिक स्वास्थ्य चिंताओं और खाद्य सुरक्षा नियमों के व्यापक उल्लंघन को देखते हुए महाराष्ट्र सरकार ने इस महीने की शुरुआत में एनालॉग या नकली गैर-डेयरी पनीर के निर्माण और बिक्री पर एक साल के लिए प्रतिबंध लगा दिया था। सरकारी आदेश के अनुसार, यदि असुरक्षित भोजन के सेवन से किसी व्यक्ति की मृत्यु होती है, तो दोषियों को उम्रकैद और कम से कम 10 लाख रुपये के जुर्माने की सजा हो सकती है। रेस्तरां ने एफडीए के 11 अगस्त के उस आदेश के खिलाफ उच्च न्यायालय में याचिका दायर की थी, जिसके तहत प्रतिबंधित ‘एनालॉग’ पनीर परोसने के कारण उसका लाइसेंस निलंबित कर दिया गया था।

याचिका में रेस्तरां ने तर्क दिया कि एफडीए को निलंबन से पहले उन्हें सुधार नोटिस जारी करना चाहिए था। अदालत, जो अक्सर होटलों के खिलाफ एफडीए की अत्यधिक सख्त कार्रवाई पर सवाल उठाती रही है, उसने शुक्रवार को सख्त रुख अपनाया। पीठ ने कहा, आपको पहले कष्ट सहना होगा क्योंकि आपने लोगों को यह (एनालॉग पनीर) खिलाकर कष्ट पहुंचाया है।

यह काव्यात्मक न्याय है। हम इस बार एक अलग और सख्त रुख अपनाएंगे। अदालत ने एफडीए को अपना हलफनामा दाखिल करने का निर्देश दिया और मामले की अगली सुनवाई सात सितंबर तय की।

प्रमुख खबरें

Delhi Weather: न्यूनतम पारा सामान्य से ऊपर चढ़कर 25 डिग्री पहुंचा, AQI 134 दर्ज

Prabhasakshi NewsRoom: Operation Firewall से बड़ा खुलासा, Indian Navy की जानकारी Pakistan तक पहुँचाई जा रही थी, 13 नौसैनिक जाँच के घेरे में

SSC Recruitment 2026: 12वीं पास युवाओं के लिए SSC CHSL में 2536 नौकरियां, महिलाओं को मिलेगी फीस में छूट

Lionel Messi का विदाई मैच: Argentina ने Benin को 3-0 से हराया