By अंकित सिंह | Jan 18, 2025
नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को बिहार के पटना के गर्दनीबाग धरनास्थल पर प्रदर्शन कर रहे बीपीएससी छात्रों से मुलाकात की। कांग्रेस नेता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में आरोप लगाया कि सरकार छात्रों के खिलाफ बल प्रयोग कर रही है और दावा किया कि भाजपा की डबल इंजन सरकार ने गरीब मेहनती छात्रों के सपनों को कुचल दिया है। राहुल ने लिखा कि पटना में गर्दनीबाग धरनास्थल जाकर आंदोलन कर रहे छात्रों से मुलाक़ात की। उन्होंने बताया कि किस तरह BPSC अन्याय कर रही है और बिहार सरकार लाठी डंडे की चोट दे रही है।
इसके साथ ही राहुल ने लिखा कि मैं मुख्यमंत्री जी से कहना चाहता हूं कि वह प्रदर्शन कर रहे इन छात्रों के ख़िलाफ़ लाठी चार्ज करवाने और असंवेदनशीलता दिखाने की बजाए इनसे मिलकर इनकी मांगों को सुनें और गंभीरता से विचार करें। क्योंकि जब इतनी बड़ी परीक्षा में पेपर लीक होता है या किसी भी तरह की धांधली होती है तब दूर गावों से आकर, शहरों के छोटे-छोटे कमरों में तपस्या कर रहे लाखों ग़रीब छात्रों का सपना टूटता है और उनके साथ अन्याय होता है। आज के एकलव्य का अंगूठा काटकर, उन पर अन्याय नहीं किया जा सकता।