By नीरज कुमार दुबे | Nov 27, 2026
सुप्रीम कोर्ट के पूर्व मुख्य न्यायाधीश बीआर गवई ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को चिट्ठी लिखकर देश की न्यायिक व्यवस्था में जातिगत प्रतिनिधित्व का सवाल उठाया है। उनकी चिट्ठी ने न्यायपालिका के भीतर नियुक्तियों की प्रक्रिया, कॉलेजियम की जवाबदेही और सामाजिक न्याय के दावों पर एक नई बहस छेड़ दी है। लेकिन इस चिट्ठी के साथ कुछ ऐसे सवाल भी खड़े हो गए हैं, जिनसे खुद पूर्व सीजेआई गवई बच नहीं सकते। सवाल उठता है कि आखिर जब उनके हाथ में देश की न्यायपालिका की कमान थी, तब उन्हें ये सारी विसंगतियां क्यों दिखाई नहीं दीं? क्या सर्वोच्च न्यायिक पद से विदा होने के बाद व्यवस्था पर सवाल उठाना ज्यादा आसान हो जाता है? सवाल यह भी है कि क्या देश की न्यायपालिका को जातिगत प्रतिनिधित्व की बहस में उलझाना वास्तव में सामाजिक न्याय का रास्ता है?
हम आपको बता दें कि गवई ने अपनी चिट्ठी में सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट में न्यायाधीशों की नियुक्तियों तथा तबादलों को लेकर गंभीर असहमति जताई है। उनका आरोप है कि कॉलेजियम की हालिया सिफारिशों में एक खास समुदाय को प्राथमिकता दी जा रही है और अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक तथा महिलाओं के प्रतिनिधित्व की अनदेखी हो रही है।
इसे भी पढ़ें: Supreme Court में नियुक्तियों पर भेदभाव का आरोप, पूर्व CJI Gavai ने President को लिखा पत्र
उन्होंने संसद में पेश आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया है कि वर्ष 2018 से नियुक्त 715 हाईकोर्ट न्यायाधीशों में केवल 22 अनुसूचित जाति, 16 अनुसूचित जनजाति, 89 ओबीसी और 37 अल्पसंख्यक समुदायों से थे। उनके मुताबिक जनवरी 2021 से जनवरी 2026 के बीच न्यायिक नियुक्तियों में सामान्य वर्ग का प्रतिनिधित्व लगभग 80 प्रतिशत रहा, जबकि ओबीसी का प्रतिनिधित्व 14 प्रतिशत से भी कम था। गवई ने यह भी आरोप लगाया है कि देश की आबादी में पांच प्रतिशत से कम हिस्सेदारी रखने वाले एक समुदाय का सुप्रीम कोर्ट में 40 प्रतिशत से अधिक प्रतिनिधित्व रहा है। उन्होंने कॉलेजियम की नियुक्तियों और तबादलों में कथित पक्षपात का मुद्दा उठाते हुए राष्ट्रपति से हस्तक्षेप करने की अपील की है। यह चिट्ठी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय कानून राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल को भी भेजी गई है।
देखा जाये तो गवई की चिट्ठी का सबसे दिलचस्प पहलू यही है कि वह जिस कॉलेजियम व्यवस्था पर आज सवाल उठा रहे हैं, करीब छह महीने तक वह खुद उसी व्यवस्था के मुखिया रहे थे। मई 2025 से नवंबर 2025 तक उन्होंने मुख्य न्यायाधीश के रूप में काम किया। उस दौरान न्यायिक नियुक्तियों और तबादलों पर निर्णय लेने का अधिकार भी उनके नेतृत्व वाले कॉलेजियम के पास था। अगर व्यवस्था में एक समुदाय को अनुचित प्राथमिकता दी जा रही थी, अगर सामाजिक प्रतिनिधित्व के सिद्धांतों का उल्लंघन हो रहा था और अगर प्रतिभाशाली न्यायाधीशों के साथ अन्याय हो रहा था, तो क्या उस समय इसका विरोध नहीं किया जाना चाहिए था? क्या उन्होंने अपने कार्यकाल में इस कथित असमानता को दूर करने के लिए पर्याप्त कदम उठाए?
उनके नेतृत्व वाले कॉलेजियम ने भी सुप्रीम कोर्ट में पांच न्यायाधीशों की नियुक्ति की सिफारिश की थी। हाईकोर्ट के लिए भी बड़ी संख्या में नामों की सिफारिश हुई थी। ऐसे में उनके अपने कार्यकाल की नियुक्तियों और निर्णयों की भी सार्वजनिक समीक्षा होनी चाहिए।
हम आपको यह भी याद दिला दें कि गवई का कार्यकाल खुद कई विवादों से घिरा रहा। सितंबर 2025 में भगवान विष्णु की क्षतिग्रस्त प्रतिमा की पुनर्स्थापना से जुड़ी याचिका पर सुनवाई के दौरान उनकी टिप्पणी, 'जाइए और देवता से ही कुछ करने के लिए कहिए', ने भारी विवाद खड़ा कर दिया था। इसे हिंदू आस्था का उपहास बताते हुए उनकी आलोचना हुई थी। बाद में गवई ने स्पष्ट किया था कि उनकी किसी धर्म का अपमान करने की मंशा नहीं थी और वह सभी धर्मों का सम्मान करते हैं।
इसके अलावा उनके कार्यकाल में जजों की नियुक्तियों को लेकर मतभेद, कॉलेजियम के भीतर असहमति और प्रशासनिक निर्णयों पर भी सवाल उठे थे। जस्टिस बीवी नागरत्ना ने जस्टिस विपुल पंचोली को सुप्रीम कोर्ट में पदोन्नत करने की सिफारिश पर असहमति दर्ज कराई थी। ऐसे में आज गवई की चिट्ठी को उनके अपने कार्यकाल के फैसलों से अलग करके नहीं देखा जा सकता।
देखा जाये तो सामाजिक प्रतिनिधित्व का सवाल निश्चित रूप से महत्वपूर्ण है। लेकिन न्यायपालिका में नियुक्तियों का आधार केवल जाति बन जाए तो योग्यता, निष्पक्षता और न्यायिक क्षमता जैसे मानकों का क्या होगा? क्या न्यायाधीश की पहचान उसके फैसलों, संवैधानिक समझ और न्यायिक दृष्टिकोण से नहीं होनी चाहिए? बड़ा सवाल यह भी है कि क्या देश के पूर्व मुख्य न्यायाधीश को इस तरह किसी समुदाय के प्रतिनिधित्व को केंद्र में रखकर सार्वजनिक बहस खड़ी करनी चाहिए? क्या इससे समाज में जातिगत खांचे और गहरे नहीं होंगे? क्या न्यायपालिका की विश्वसनीयता पर सवाल उठाने के बजाय नियुक्तियों की पारदर्शी व्यवस्था बनाने की बात नहीं होनी चाहिए?
साथ ही क्या यह महज संयोग है कि गवई ने अपने पद से विदा होने के लगभग एक साल बाद यह चिट्ठी लिखी है? जब उनके पास व्यवस्था को प्रभावित करने की संवैधानिक और संस्थागत जिम्मेदारी थी, तब उनकी चुप्पी क्यों रही?
बहरहाल, न्यायपालिका किसी जाति, समुदाय या राजनीतिक विचारधारा की जागीर नहीं है। उसका काम संविधान के प्रति जवाबदेह रहना है। गवई ने जो सवाल उठाए हैं, उनका जवाब मिलना चाहिए, लेकिन उनसे भी सवाल पूछे जाने चाहिए। आखिर व्यवस्था की कमियों को दूर करने का अवसर जब उनके पास था, तब उन्होंने क्या किया? देश को केवल जातिगत प्रतिनिधित्व का हिसाब नहीं चाहिए, उसे यह भी जानना है कि सर्वोच्च न्यायिक कुर्सी पर बैठे व्यक्ति ने अपने कार्यकाल में न्यायिक व्यवस्था को कितना पारदर्शी और जवाबदेह बनाया।
-नीरज कुमार दुबे