Patiala के पास भाखड़ा नहर पर बना पुल ढहा, दो ट्रक फंसे और एक में लगी आग

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 19, 2026

पंजाब में पटियाला-संगरूर बाईपास पर पसियाना गांव के नजदीक भाखड़ा मुख्य नहर पर बना एक पुल बृहस्पतिवार तड़के उस समय ढह गया, जब दो ट्रक उससे गुजर रहे थे। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि हादसे में दोनों ट्रक पुल के क्षतिग्रस्त हिस्से में फंस गए, जबकि उनमें से एक में आग लग गई।

यह घटना सुबह करीब छह बजे हुई और इस हादसे में किसी की जान जाने की सूचना नहीं है। राष्ट्रीय राजमार्ग-64 (नया एनएच-07) के पटियाला बाईपास खंड पर बना 60 मीटर लंबा स्टील ट्रस पुल अचानक ढह गया, जिससे वहां से गुजर रहे दोनों ट्रक पुल के टूटे हुए हिस्से में फंस गए। हादसे का शिकार हुए एक ट्रक के चालक सुखविंदर सिंह ने संवाददाताओं को बताया कि घटना के कुछ ही देर बाद एक ट्रक में आग लग गई।

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और उन्होंने आग पर काबू पा लिया। पुलिसकर्मी भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए। हादसे के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और राहगीर मौके पर एकत्र हो गए।

प्रभावित मार्ग पर यातायात को सड़क के दूसरी ओर मोड़ दिया गया। पुल के ढहने के सटीक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के चंडीगढ़ स्थित क्षेत्रीय कार्यालय ने हादसे के बाद एक परामर्श जारी किया।

इसमें कहा गया कि प्राधिकरण की घटना प्रबंधन टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए वाहन चालकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सड़क के बाईं ओर के यातायात को सर्विस रोड की ओर मोड़ दिया। परामर्श के अनुसार, सुरक्षा के तत्काल उपाय के तहत घटनास्थल पर चौबीसों घंटे सड़क सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई है। वहीं, यातायात पुलिस ने वाहन चालकों को सतर्क करने और यातायात नियंत्रित करने के लिए अवरोधक लगाए हैं।

प्राधिकरण ने बताया कि घटनास्थल पर पर्याप्त संकेतक और रोशनी की व्यवस्था भी की जा रही है। इसके अलावा, पुल के क्षतिग्रस्त हिस्से के चारों ओर पर्देनुमा अवरोध लगाए जा रहे हैं, ताकि प्रभावित क्षेत्र को सुरक्षित रखा जा सके। एनएचएआई के अनुसार, चार लेन वाले पटियाला बाईपास खंड को 2018 में प्राधिकरण को सौंपा गया था।

इस सड़क को चार लेन का बनाने का कार्य पंजाब लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के तहत किया गया था। वर्तमान में यह मार्ग एनएचएआई के अल्पकालिक रखरखाव अनुबंध के अंतर्गत आता है। प्राधिकरण ने बताया कि सड़क के बाईं ओर स्थित दुर्घटनाग्रस्त पुल का निर्माण सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) ने पंजाब सरकार के लोक निर्माण विभाग की निगरानी में किया था।

एनएचएआई ने कहा कि वह सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और यातायात को सुरक्षित एवं सुचारु बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाने के लिए प्रतिबद्ध है। रेत से भरा ट्रक चला रहे सुखविंदर सिंह ने बताया कि हादसे के समय वह इसी मार्ग से गुजर रहे थे। उन्होंने कहा, ‘‘जब दूसरा ट्रक नीचे फंया, तो मैंने अपना ट्रक अचानक रोकने की कोशिश की।

इस दौरान मेरे पैर में चोट लग गई।’’ सुखविंदर ने कहा, ‘‘मैं पिछले 35 वर्षों से ट्रक चला रहा हूं, लेकिन इस तरह की घटना पहली बार देखी है।’’ उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों के अनुसार, पुल पहले भी हिलता था और इस संबंध में अधिकारियों को आगाह किया गया था। स्थानीय निवासी पवन कुमार ने संवाददाताओं को बताया कि यह पुल करीब एक दशक पुराना है। किसान संगठन भारतीय किसान यूनियन (क्रांतिकारी) के जिला अध्यक्ष अवतार सिंह ने बताया कि तेज आवाज सुनाई देने के बाद संगठन के एक नेता ने उन्हें घटना की सूचना दी।

उन्होंने कहा, ‘‘सूचना मिलते ही मैं तुरंत घटनास्थल पर पहुंचा, ताकि जरूरत पड़ने पर लोगों की मदद कर सकूं।’’

प्रमुख खबरें

FICCI सम्मेलन में बोले PM Narendra Modi, आर्थिक सुधारों पर खुलकर सुझाव दे उद्योग जगत

Anne Hathaway से पहले ही इस शख्स ने गलती से खोल दिया उनके तीसरे बच्चे के जेंडर का राज

Battle of Galwan से Maatrubhumi तक का सफर: बिना किसी कट के सेंसर बोर्ड से पास हुई Salman Khan की वॉर ड्रामा, सामने आई कहानी की पहली झलक

खाओ पियो मौज करो नहीं चलेगा, पैसा बचाना जरूरी है, जनता को बचत मंत्र देने के साथ ही PM Modi ने Rahul Gandhi के आरोपों का भी दिया जवाब