Bruno Fernandes ने Manchester United के दो नए कॉन्ट्रैक्ट ऑफर ठुकराए

By Ankit Jaiswal | Nov 22, 2026

मैनचेस्टर यूनाइटेड के कप्तान ब्रूनो फर्नांडिस के भविष्य को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है। क्लब में उनका मौजूदा करार इस सीजन के अंत में खत्म होने वाला है और अब तक वह नए करार के लिए मिले 2 प्रस्ताव ठुकरा चुके हैं। हालांकि, फर्नांडिस ने साफ किया है कि फिलहाल क्लब के साथ उनके करार को लेकर कोई बातचीत नहीं चल रही है। उन्होंने यह भी कहा कि उनके लिए पैसा नहीं, बल्कि मैनचेस्टर यूनाइटेड की सफलता सबसे ज्यादा मायने रखती है।

स्काई स्पोर्ट्स न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, क्लब ने पहली बार पिछली गर्मियों में फर्नांडिस के साथ नए करार पर बातचीत शुरू की थी। उस समय दिए गए प्रस्ताव को पुर्तगाल के इस मिडफील्डर ने स्वीकार नहीं किया। इसके बाद क्लब की ओर से एक और प्रस्ताव दिया गया, लेकिन उसे भी उन्होंने ठुकरा दिया। बता दें कि फर्नांडिस ने अपना पिछला करार अगस्त 2024 में किया था।

मैनचेस्टर यूनाइटेड के पास 32 वर्षीय खिलाड़ी का करार 1 साल और बढ़ाने का विकल्प मौजूद है। अगर क्लब इस विकल्प का इस्तेमाल करता है तो फर्नांडिस अगले साल तक ओल्ड ट्रैफर्ड में बने रहेंगे। इससे जनवरी में विदेशी क्लबों के साथ उनके संभावित फ्री ट्रांसफर को लेकर बातचीत करने का रास्ता भी बंद हो सकता है।

लिवरपूल के खिलाफ मुकाबले से पहले जब फर्नांडिस से उनके भविष्य के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि क्लब ने उन्हें नया करार देने का प्रस्ताव जरूर दिया है, लेकिन अभी कोई बातचीत आगे नहीं बढ़ रही है। उन्होंने उन खबरों को भी गलत बताया, जिनमें दावा किया जा रहा था कि उन्होंने ज्यादा वेतन या लंबे करार की मांग की है। फर्नांडिस के मुताबिक, अगर उनका मकसद सिर्फ ज्यादा पैसा कमाना होता तो उनके पास दूसरे क्लबों से बेहतर आर्थिक प्रस्ताव स्वीकार करने का विकल्प था।

उन्होंने कहा कि पिछले 2-3 साल में कई बार उनके पास मैनचेस्टर यूनाइटेड छोड़ने का मौका आया, लेकिन हर बार उन्होंने क्लब में बने रहने का फैसला किया। फर्नांडिस ने साफ किया कि वह सिर्फ अपना करार पूरा करने के लिए टीम में नहीं रहना चाहते। अगर क्लब को लगता है कि अब उनके अलग होने का समय आ गया है तो वह बिना किसी परेशानी के जाने को तैयार रहेंगे। उनके मुताबिक, उन्होंने हमेशा क्लब के हित और यहां जीत हासिल करने को प्राथमिकता दी है।

इस बीच, फर्नांडिस ने नए कोच मौरिसियो पोचेटिनो के साथ अपने शुरुआती अनुभव भी साझा किए। उन्होंने पोचेटिनो को सकारात्मक सोच वाला, ऊर्जावान और अनुशासन पसंद करने वाला कोच बताया। फर्नांडिस के अनुसार, कोच ने शुरुआत में ही खिलाड़ियों को साफ कर दिया है कि वह हर किसी से बेहतर प्रदर्शन और अपनी तय जिम्मेदारियां पूरी करने की उम्मीद करते हैं। उनका लक्ष्य क्लब को फिर से जीत की राह पर लाना है।

गौरतलब है कि फर्नांडिस 2019 में टॉटेनहम हॉटस्पर से जुड़ने के काफी करीब पहुंच गए थे। उस समय टीम के कोच पोचेटिनो ही थे। फर्नांडिस ने बताया कि उन्होंने टॉटेनहम के अधिकारियों से मुलाकात भी की थी। टीम में हैरी केन, डेले अली और हीयूंग-मिन सोन जैसे खिलाड़ियों के साथ खेलने का मौका उन्हें आकर्षित कर रहा था। वह उस समय इंग्लैंड की प्रीमियर लीग में खेलने के लिए उत्सुक थे।

वहीं, फर्नांडिस ने पूर्व कोच माइकल कैरिक के साथ रिश्तों में खटास की खबरों को भी खारिज किया। पिछले महीने कोमो से 4-1 की हार के बाद दिए गए उनके एक साक्षात्कार और बोर्नमाउथ के खिलाफ उन्हें शुरुआती टीम में जगह नहीं मिलने को लेकर अटकलें लगाई गई थीं। फर्नांडिस ने बताया कि कैरिक ने खुद उनसे बात कर स्पष्ट किया था कि उन्हें बाहर रखने का फैसला टीम के प्रदर्शन को बेहतर करने के लिए लिया गया था, न कि उनके बयान की वजह से।

फर्नांडिस ने कहा कि उन्होंने भी कैरिक से बात करके किसी गलतफहमी की आशंका दूर की थी। अगले मुकाबले में उनकी टीम में वापसी को भी उन्होंने इस बात का संकेत बताया कि दोनों के बीच कोई व्यक्तिगत विवाद नहीं था। फिलहाल उनका ध्यान करार से ज्यादा मैनचेस्टर यूनाइटेड के प्रदर्शन को सुधारने और टीम को जीत दिलाने पर है।

प्रमुख खबरें

AIIMS Bhubaneswar बना बर्न इंजरी के इलाज का राष्ट्रीय प्रशिक्षण केंद्र

पद्मजा वेणुगोपाल की Congress में वापसी की इच्छा पर नेताओं में मतभेद, फैसला आलाकमान पर छोड़ा

गुजरात: Navsari में 3.28 करोड़ रुपये का हाइब्रिड Ganja जब्त, चार तस्कर गिरफ्तार

अंकिता भंडारी केस: Swami Avimukteshwaranand से मिलीं अभिनेत्री Urmila Sanawar, न्याय की उठाई मांग