BSE Sensex में 512 अंकों का उछाल, विदेशी निवेशकों की खरीदारी से Nifty 25291 पर बंद

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 16, 2026

स्थानीय शेयर बाजार में सोमवार को तेजी रही और बीएसई सेंसेक्स 512 अंक चढ़ गया, जबकि एनएसई निफ्टी बढ़त के साथ 25,300 अंक के करीब पहुंच गया। वित्तीय, एफएमसीजी और तेल एवं गैस कंपनियों के शेयरों में खरीदारी, विदेशी निवेशकों की लगातार लिवाली और कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से बाजार को समर्थन मिला। बीएसई के 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 512.34 अंक यानी 0.63 प्रतिशत बढ़कर 82,104.79 अंक पर बंद हुआ।

कारोबार के दौरान एक समय यह 719.20 अंक चढ़कर 82,311.65 अंक पर पहुंच गया था। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक निफ्टी भी 146.80 अंक यानी 0.58 प्रतिशत बढ़कर 25,291.10 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स के समूह में शामिल कंपनियों में से आईटीसी, भारती एयरटेल, इटर्नल, पावर ग्रिड, एचडीएफसी बैंक और अल्ट्राटेक सीमेंट के शेयर प्रमुख रूप से लाभ में रहे।

दूसरी तरफ टाटा स्टील, मारुति, इंटरग्लोब एविएशन (इंडिगो) और बजाज फिनसर्व के शेयरों में गिरावट रही। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुक्रवार को 5,736.55 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे थे। विदेशी निवेशकों ने नवंबर के पहले पखवाड़े में भारतीय शेयर बाजार में जोरदार वापसी करते हुए 84,290 करोड़ रुपये का निवेश किया है।

इससे पहले लगातार दो महीनों तक वे शुद्ध बिकवाल रहे थे। वैश्विक स्तर पर एआई कंपनियों के शेयरों में बिकवाली, कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट और बड़ी कंपनियों के शेयरों का आकर्षक मूल्यांकन इसके प्रमुख कारण रहे। इस बीच, वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड का वायदा भाव 0.34 प्रतिशत गिरकर 95.51 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।

एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की 225 और चीन का शंघाई कम्पोजिट गिरावट के साथ बंद हुए, जबकि हांगकांग का हैंगसेंग बढ़त में रहा। यूरोप के बाजार दोपहर के सत्र में मिले-जुले रुख के साथ कारोबार कर रहे थे। अमेरिकी शेयर बाजार शुक्रवार को ज्यादातर गिरावट के साथ बंद हुए थे।

इससे पहले शुक्रवार को सेंसेक्स 318.56 अंक यानी 0.39 प्रतिशत गिरकर 81,592.45 अंक पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 155.05 अंक यानी 0.61 प्रतिशत टूटकर 25,144.30 अंक पर रहा था।

प्रमुख खबरें

Mathura में BJP नेताओं का Akhilesh Yadav पर हमला, गिनाए दलित उत्पीड़न के मामले

रात में गोथम का Batman और दिन में ब्रिटेन का James Bond? हॉलीवुड के अगले 007 बनने की रेस में सबसे आगे निकले Robert Pattinson

छठ पूजा पर सिंदूर जैसा टीका लगाकर ट्रोल हुईं Akshara Singh, सोशल मीडिया पर लोगों ने उठाए सवाल

Rajasthan के अंतरराष्ट्रीय पुष्कर मेले में जुटे दुनियाभर के Photographers और पर्यटक