BSF ने सुरक्षा कारणों से Manipur में होने वाला 62वां स्थापना दिवस समारोह टाला, Delhi में आयोजन की तैयारी

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 27, 2026

सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने सुरक्षा संबंधी चिंताओं को लेकर खुफिया एजेंसियों से मिली जानकारी के बाद आखिरी समय में मणिपुर में अपना 62वां स्थापना दिवस समारोह आयोजित करने की योजना रद्द कर दी और इसे दिल्ली स्थानांतरित कर दिया। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। जातीय हिंसा से प्रभावित मणिपुर के चूड़ाचांदपुर जिले स्थित बीएसएफ के सहायक प्रशिक्षण केंद्र (एसटीसी) में ये समारोह एक दिसंबर को आयोजित होना था।

करीब 2.65 लाख कर्मियों वाले बीएसएफ की स्थापना एक दिसंबर 1965 को हुई थी। यह बल पश्चिम में पाकिस्तान और पूर्व में बांग्लादेश के साथ भारत की 6,000 किलोमीटर से अधिक लंबी सीमा की सुरक्षा करता है। अधिकारियों ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि केंद्रीय खुफिया एजेंसियों से सुरक्षा संबंधी चिंताओं के संकेत मिलने के बाद मणिपुर में आयोजित होने वाला बीएसएफ का 62वां स्थापना दिवस समारोह रद्द कर दिया गया।

मणिपुर में 2023 से मेइती और कुकी समुदायों के बीच रुक-रुककर हिंसा हो रही है। इस हिंसा में कम से कम 306 लोगों की मौत हो चुकी है, हजारों लोग बेघर हुए हैं, जबकि 49 लोग लापता हैं। एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘अब स्थापना दिवस समारोह दिल्ली में आयोजित किया जा सकता है।

इस कार्यक्रम को रद्द करने से वित्तीय खर्च और कर्मियों की आवाजाही के लिहाज से भारी नुकसान होगा।’’ बीएसएफ ने मणिपुर में समारोह के दौरान प्रदर्शन के लिए देशभर से 3,000 जवानों और अधिकारियों, हथियारों, तोपों, ऊंट, घोड़े और श्वान दस्तों को वहां भेजने की व्यापक व्यवस्था की थी। इस समारोह में भव्य परेड आयोजित की जाती है, जिसमें जवान औपचारिक वेशभूषा में किसी विशिष्ट अतिथि की मौजूदगी में मार्च करते हैं। आमतौर पर केंद्रीय गृह मंत्री या गृह राज्य मंत्री इस कार्यक्रम में शामिल होते हैं।

प्रमुख खबरें

संसद की विशेष बैठक Delimitation आगे बढ़ाने की चाल, हिमाचल के मंत्री Chander Kumar का आरोप

IBM का बड़ा फैसला: Consulting Division में अधिकांश पदों के लिए US वीजा और ग्रीन कार्ड स्पॉन्सरशिप बंद, भारतीय कर्मचारियों पर गहरा असर

Wedding फंक्शन में चार चांद लगा देंगे ये 7 खूबसूरत Peacock Bangles

Baingan Recipe: रोजाना वाले बैंगन को भूल जाएंगे, एक बार ट्राई करें स्पेशल रेसिपी