भाजपा के इशारे पर हुई बसपा और जोगी की ‘डील’: कांग्रेस

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Sep 20, 2018

नयी दिल्ली। कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के लिए बहुजन समाज पार्टी (बसपा) और पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी की पार्टी के बीच गठबंधन को ‘भाजपा के इशारे पर हुई डील’ करार दिया और कहा कि इससे कांग्रेस को किसी तरह का नुकसान नहीं होगा। पार्टी के छत्तीसगढ़ प्रभारी पी एल पुनिया ने यह भी कहा कि कांग्रेस छत्तीसगढ़ की सभी 90 सीटों पर चुनाव लड़ने के लिए पूरी तरह तैयार है।

 

उन्होंने ने कहा, ‘‘बसपा की हमसे बातचीत चल रही थी, लेकिन अब उन्होंने जोगी से समझौता किया है। यह उनका फैसला है और हमें कोई ऐतराज नहीं है। लेकिन मैं यह कहना चाहता हूं कि हम सभी 90 सीटों पर चुनाव लड़ने के लिए तैयार है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हमारे कार्यकर्ता यह चाहते थे कि हमें किसी से गठबंधन नहीं करना है। इसी हिसाब से हमने तैयारी की है। जहां तक नफे-नुकसान का सवाल है तो हमें इससे कोई नुकसान नहीं होगा।’’

 

पुनिया ने कहा, ‘‘संविधान में परिवर्तन की बात करने वालों के साथ जोगी हैं। कांग्रेस में रहते हुए भी जोगी भाजपा के इशारे पर काम करते थे।’’ उन्होंने दावा किया, ‘‘भाजपा का बड़ा खेल है। यह पूरी डील भाजपा के इशारे पर हुई है। लेकिन कोई भी गठबंधन जनभावनाओं से बड़ा नहीं हो सकता। इस बार छत्तीसगढ़ की जनता ने भाजपा को उखाड़ फेंकने का मन बना लिया है। यह नतीजा नहीं बदलने वाला है।’’

 

यह पूछे जाने पर कि क्या इसका बसपा के साथ लोकसभा चुनाव के गठबंधन की संभावना पर असर होगा तो पुनिया ने कहा, ‘‘ इनका गठबंधन विधानसभा चुनाव के लिए है। लोकसभा के लिए राष्ट्रीय नेतृत्व के स्तर पर कोई फैसला होगा।’’

प्रमुख खबरें

Allahabad उच्च न्यायालय ने पूर्व सांसद धनंजय सिंह को दी जमानत

Odisha में भीषण गर्मी का प्रकोप, Bhubaneswar में तापमान 44.6 डिग्री सेल्सियस पहुंचा

Congress ने आचार संहिता के उल्लंघन पर Anurag Thakur के खिलाफ निर्वाचन आयोग से की शिकायत

हम जीवित हैं क्योंकि Modi ने हमारे लिए कोविड-19 के टीके की उपलब्धता सुनिश्चित की : Fadnavis