By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jan 13, 2022
बसपा सुप्रीमो मायावती ने सलमान सईद को चरथावल विधानसभा सीट से तथा हाल ही में कांग्रेस छोड़ कर समाजवादी पार्टी का दामन थामने वाले इमरान मसूद के भाई नोमान मसूद को गंगोह विधानसभा सीट से अपनी पार्टी का उम्मीदवार बनाया है। मिश्र ने बताया ‘‘पार्टी दलितों के अलावा मुस्लिमों और ब्राह्मणों को भी टिकट देगी क्योंकि पार्टी ने 2007 के चुनाव में सर्व समाज को टिकट दिए थे और पूर्ण बहुमत से सत्ता हासिल की थी।’’ पार्टी के एक अन्य नेता ने कहा कि ब्राह्मण और मुस्लिमों को भी अच्छा प्रतिनिधित्व दिया जा रहा है। उन्होंने बताया ‘‘ पार्टी आगामी चुनावों में दलितों के अलावा मुस्लिमों और ब्राहम्ण समाज को भी काफी संख्या में टिकट देगी।’’ उन्होंने कहा कि मायावती ने पहले ही घोषणा की है कि बसपा 2007 के सर्व-समाज वाले फार्मूले पर आगे बढ़ेगी जिसमें दलित, ब्राह्मण और अन्य वर्ग शामिल होंगे। मुस्लिम समुदाय में भी पार्टी की अच्छी पकड़ है। उत्तर प्रदेश में दलित आबादी 20 फीसदी से अधिक, ब्राह्मण 13 फीसदी और मुस्लिम आबादी करीब 20 फीसदी है। राज्यसभा सदस्य मिश्र बसपा का ‘‘ब्राह्मण चेहरा’’ हैं और दलितों तथा ब्राह्मणों में नजदीकी लाने के लिए वह राज्य के विभिन्न हिस्सों का दौरा करते रहे हैं। बसपा के लिए ‘‘सोशल इंजीनियरिंग’’ का यह फार्मूला फायदेमंद साबित हुआ है। मिश्र ने बताया अभी तक मैने उत्तर प्रदेश के 75 जिलों में 96 चुनावी रैलियां की हैं। पार्टी के अन्य नेताओं ने करीब दो सौ से अधिक रैलियां की हैं। पार्टी के नेता जहां जहां रैलियां कर रहे हैं , उन इलाकों में वह पार्टी उम्मीदवार तय कर देते हैं और उस उम्मीदवार से चुनाव की तैयारी में पूरी तरह से जुट जाने को कहा जाता है।’’