Karnal में हिरासत में मौत पर छह पुलिसकर्मियों पर हत्या का केस, सभी निलंबित

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 16, 2026

हरियाणा के करनाल में पुलिस हिरासत में एक व्यक्ति की मौत हो जाने को लेकर छह पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है और उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मृतक की पहचान बिजना गांव के 32 वर्षीय जितेंद्र उर्फ ​​जैकी के रूप में हुई है।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों द्वारा यह आश्वासन दिए जाने के बाद कि विसरा की फोरेंसिक जांच हरियाणा से बाहर की किसी प्रयोगशाला में कराई जाएगी, परिजनों ने सोमवार को मृतक का अंतिम संस्कार कर दिया। अधिकारियों ने बताया कि मामले में सीआईए-2 का एक निरीक्षक और हेड कांस्टेबल सहित छह पुलिसकर्मियों के खिलाफ राम नगर थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की 103 (1) (हत्या), 61 (आपराधिक साजिश) और 127 (6) (अवैध रूप से कैद में रखना) सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। मृतक के परिवार का आरोप है कि कुछ दिन पहले सीआईए-2 (अपराध जांच एजेंसी) के कुछ कर्मी जितेंद्र को पकड़कर ले गए थे, जिसकी हिरासत में मौत हो गई।

असंध के पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) गोरखपाल ने संवाददाताओं को बताया कि छह पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है और उनके खिलाफ विभागीय जांच शुरू की गई है। एक न्यायिक जांच शुरू की गई है और एक न्यायिक मजिस्ट्रेट की निगरानी में चिकित्सकों के बोर्ड ने शनिवार को शव का पोस्टमार्टम किया। इससे पहले मृतक के परिजनों, रिश्तेदारों तथा अन्य लोगों ने घटना को लेकर विरोध प्रदर्शन किया था और पुलिसकर्मियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग करते हुए सड़क जाम कर दी थी।

परिवार के कुछ सदस्यों ने मामले की केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से जांच कराने की मांग भी की है। इससे पहले, उन्होंने मामले में आरोपी पुलिसकर्मियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए शव का अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया था। मामला मृतक के भाई की शिकायत पर दर्ज किया गया, जिसने आरोप लगाया कि 11 नवंबर की सुबह सीआईए-2 की टीम जितेंद्र को यह कहकर उठा ले गई कि उससे किसी मामले में पूछताछ करनी है।

प्रमुख खबरें

Kulgam में सुरक्षा बलों की मुठभेड़: CRPF पर हमले में शामिल आतंकी उमर डार ढेर

Mukesh Kumar के 4 विकेट से चमका Bengal, T20 मैच में Chandigarh को 85 रन से रौंदा

उत्तर-पूर्वी Delhi के Khajuri Khas में युवक की गोली मारकर हत्या, पुरानी रंजिश की आशंका

पूर्व राष्ट्रपति Ram Nath Kovind पहुंचे वृंदावन, 18 नवंबर को करेंगे दिव्यांग कल्याण शिविर की शुरुआत