Budaun में पुरानी रंजिश के चलते अवधेश की हत्या, आरोपी मुनेन्द्र गिरफ्तार

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 06, 2026

बदायूं (उप्र), छह नवंबर उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के मुसाझाग थाना क्षेत्र के गुरुग्राम गांव में पुरानी रंजिश को लेकर हुए हमले में 45 वर्षीय एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी मुनेन्द्र (50) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इसकी जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान अवधेश (45) के रूप में हुई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, बृहस्पतिवार को अवधेश अपने खाली पड़े प्लॉट की सफाई कर रहा था कि इसी दौरान उसका पड़ोसी मुनेन्द्र कुछ साथियों के साथ वहां पहुंचा। आरोप है कि पुरानी दुश्मनी के चलते उन्होंने कुल्हाड़ी और फावड़े से अवधेश पर हमला कर दिया।

गंभीर चोटें लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस की प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह पुराना प्रेम-प्रसंग सामने आया है। बताया जाता है कि मृतक का भतीजा अमन पहले कथित तौर पर मुनेन्द्र की बेटी को लेकर फरार हो गया था।

इस मामले में मुनेन्द्र ने मुसाझाग थाने में अमन के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद दिसंबर में उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस अधीक्षक (नगर) अभिषेक कुमार सिंह ने शुक्रवार को बताया कि पांच नवंबर की रात गुरुग्राम गांव में एक व्यक्ति की हत्या की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

इस संबंध में मामला दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। वहीं, मुसाझाग थाना प्रभारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि मामले के आरोपी मुनेन्द्र को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया गया है।

प्रमुख खबरें

CWI ने 2026-27 के इंटरनेशनल Retainer Contracts घोषित किए, 30 खिलाड़ियों को मिली जगह

Cyclone Murasu से आंध्र प्रदेश में 1919 करोड़ रुपये का नुकसान, CM Naidu ने दिए राहत के निर्देश

Congress नेता Digvijaya Singh की दो टूक, BJP का धर्म सनातन नहीं, हिंदुत्व है

Calcutta High Court ने KMC चुनाव अधिसूचना पर लगाई रोक