By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 27, 2026
कलकत्ता उच्च न्यायालय ने शुक्रवार को पश्चिम बंगाल विधानसभा में तृणमूल कांग्रेस के बागी विधायक ऋतब्रत बनर्जी की नेता प्रतिपक्ष के पद पर नियुक्ति रद्द कर दी और इस फैसले से पार्टी के बागी धड़े को झटका लगा है। वहीं, ममता बनर्जी खेमे ने आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पार्टी में फूट डलवाई है। अदालत ने अखरुज्जमां की पार्टी के मुख्य सचेतक के पद पर नियुक्ति भी रद्द कर दी।
उसने कहा कि दोनों नियुक्तियां कानून के तहत उचित नहीं थीं। अदालत ने विधानसभा अध्यक्ष रथिंद्र बोस को निर्देश दिया कि वह कानून के अनुसार 10 दिन के भीतर इन नियुक्तियों पर फिर से विचार करें। फैसले पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए ममता बनर्जी के नेतृत्व वाले धड़े के प्रवक्ता और तृणमूल विधायक कुणाल घोष ने आरोप लगाया कि भाजपा ने बगावत की साजिश रची और ऋतब्रत का इस्तेमाल पार्टी में फूट डालने के लिए किया।
घोष ने कहा, यह भाजपा की करतूत थी। उसने तृणमूल में फूट डालने के लिए ऋतब्रत बनर्जी का इस्तेमाल किया। विधानसभा अध्यक्ष ने ऋतब्रत को नेता प्रतिपक्ष नियुक्त करने के लिए सभी नियमों का उल्लंघन किया।
अदालत ने अब इसका पर्दाफाश कर दिया है। हालांकि, ऋतब्रत ने न्यायिक आदेश पर टिप्पणी करने से इनकार करते हुए कहा कि उनका धड़ा अदालत के निर्देशों का सम्मान करेगा और विधानसभा अध्यक्ष के समक्ष होने वाली कार्यवाही में हिस्सा लेगा। उन्होंने कहा, अदालत ने आदेश दिया है।
हमें उस पर टिप्पणी करने का दुस्साहस नहीं है। अदालत ने विधानसभा अध्यक्ष से 10 दिन के भीतर अगले नेता प्रतिपक्ष के बारे में फैसला करने को कहा है। अध्यक्ष जब भी हमें बुलाएंगे, हम अपने समर्थक विधायकों के साथ पेश होंगे।
इस फैसले से बागी धड़े को कानूनी झटका लगा है। इस धड़े को ममता बनर्जी खेमे की आपत्तियों के बावजूद विधानसभा अध्यक्ष से ऋतब्रत की नियुक्ति की मान्यता मिल गई थी। तृणमूल के वरिष्ठ विधायक शोभनदेव चट्टोपाध्याय ने इस नियुक्ति को चुनौती दी थी।
वह ममता खेमे की ओर से नेता प्रतिपक्ष पद के उम्मीदवार थे। उनका कहना था कि पार्टी ने उन्हें इस पद के लिए नामित करने के अपने फैसले की जानकारी विधानसभा अध्यक्ष को दी थी, लेकिन उस पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए चट्टोपाध्याय ने कहा कि घटनाक्रम विशेष रूप से इसलिए सवालों के घेरे में है, क्योंकि उन्हें नेता प्रतिपक्ष चुनने का शुरुआती फैसला ममता बनर्जी के आवास पर लिया गया था और उस समय अब विरोधी बन चुके धड़े के सदस्य भी मौजूद थे।
उन्होंने कहा, जो हुआ, वह नहीं होना चाहिए था। नेता प्रतिपक्ष चुनने का फैसला ममता बनर्जी के आवास पर लिया गया था। वे (ऋतब्रत धड़े के विधायक) भी वहां मौजूद थे।
यह स्पष्ट है कि इसके बाद जो कुछ हुआ, वह राज्य में सत्तारूढ़ दल के इशारे पर हुआ। स्वास्थ्य मंत्री शरद्वत बाबू इस मामले में जो कहा जाना चाहिए था, वह पहले ही कह चुके हैं। मुझे इससे ज्यादा कुछ नहीं कहना है।
इस बीच, मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने फैसले को ममता बनर्जी खेमे के लिए राजनीतिक असहजता का कारण बनाने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष का चयन करते समय प्रतिद्वंद्वी धड़े के विधायकों की संख्या को ध्यान में रखा जाना चाहिए। अधिकारी ने कहा, अब तृणमूल कांग्रेस के दो धड़े हैं।
मेरी जानकारी के अनुसार, डेमोक्रेटिक तृणमूल कांग्रेस (ऋतब्रत के नेतृत्व वाला धड़ा) के पास अधिक विधायक हैं। विधानसभा अध्यक्ष को अधिक विधायकों वाले धड़े के किसी सदस्य को नेता प्रतिपक्ष के रूप में मान्यता देनी चाहिए। इस घटनाक्रम से बुआ-भतीजे की जोड़ी को झटका लगा है।
उनका इशारा परोक्ष तौर पर ममता बनर्जी और उनके भतीजे अभिषेक बनर्जी की ओर था। ऋतब्रत के नेतृत्व वाले धड़े के साथ जुड़े तृणमूल विधायक संदीपन साहा ने कहा कि आगे की रणनीति तय करने से पहले इस मामले पर पार्टी की राष्ट्रीय कार्यसमिति में चर्चा की जाएगी। विपक्ष के नेता (एलओपी) के पद को लेकर विवाद 2026 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में हार के बाद तृणमूल कांग्रेस के भीतर संगठनात्मक स्तर पर पैदा हुई अभूतपूर्व टूट का ताजा टकराव है।
294 सदस्यीय विधानसभा में 80 सीट जीतकर मुख्य विपक्षी दल बनी तृणमूल बाद में अपने विधायी और संगठनात्मक ढांचे पर नियंत्रण को लेकर दो धड़ों में बंट गई। पार्टी में बगावत पहली बार तीन जून को पश्चिम बंगाल विधानसभा में सामने आई, जब तृणमूल के 80 में से करीब 60 विधायकों ने नेता प्रतिपक्ष पद के लिए ऋतब्रत बनर्जी के दावे का समर्थन किया। उन्होंने ममता बनर्जी खेमे के उम्मीदवार की दावेदारी को चुनौती दी।
आठ जून को संकट और गहरा गया, जब लोकसभा में पार्टी के 27 में से 20 सांसद अलग हो गए और एनसीपीआई के साथ जुड़कर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को समर्थन दिया। बागी विधायकों ने बाद में अलग बैठक की और वरिष्ठ विधायक अरूप रॉय को अपना अध्यक्ष चुनते हुए ममता बनर्जी को इस पद से हटा दिया। उन्होंने समानांतर संगठनात्मक ढांचे की भी घोषणा की, जिससे संकट और गहरा गया।
पार्टी में अभूतपूर्व फूट के बाद दोनों धड़ों ने पार्टी के नाम, चुनाव चिह्न और संगठन पर नियंत्रण की लड़ाई को लेकर निर्वाचन आयोग का रुख किया था। इसके बाद निर्वाचन आयोग ने ममता बनर्जी के नेतृत्व वाले धड़े को ममता ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस नाम और फुटबॉल खिलाड़ी चुनाव चिह्न आवंटित किया, जबकि ऋतब्रत के नेतृत्व वाले धड़े को डेमोक्रेटिक तृणमूल कांग्रेस के रूप में मान्यता देते हुए लिफाफा चुनाव चिह्न दिया। ममता खेमे ने लगातार आरोप लगाया है कि भाजपा पार्टी को अंदर से कमजोर करने के लिए बागियों का समर्थन कर रही है।
वहीं, विरोधी धड़ा विधायकों की संख्या और संगठनात्मक वैधता के आधार पर अपना दावा मजबूत करने की कोशिश कर रहा है। नेता प्रतिपक्ष की नियुक्ति को लेकर कानूनी लड़ाई में विधानसभा अध्यक्ष की भूमिका भी न्यायिक जांच के दायरे में आ गई थी। एक खंडपीठ ने 18 अगस्त को अपने फैसले में कहा था कि विधानसभा अध्यक्ष को अपनी राजनीतिक संबद्धता से इतर निष्पक्ष होकर काम करना चाहिए।
उसने यह भी कहा था कि नेता प्रतिपक्ष और मुख्य सचेतक के पदों पर नियुक्ति का फैसला केवल विधायकों की संख्या के आधार पर नहीं किया जा सकता, बल्कि राजनीतिक दल के फैसलों को भी ध्यान में रखना होगा। ताजा फैसले का असर विधानसभा से बाहर भी पड़ने की आशंका है, क्योंकि दोनों धड़े तृणमूल की राजनीतिक पहचान पर नियंत्रण के लिए संघर्ष कर रहे हैं और पार्टी के मूल राजनीतिक जनादेश का प्रतिनिधित्व करने का दावा कर रहे हैं।