NCP SP परिसीमन का करेगी समर्थन, जितेंद्र आव्हाड बोले- शरद पवार का फैसला अंतिम

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 27, 2026

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा-शरदचंद्र पवार) के नेता जितेंद्र आव्हाड ने शुक्रवार को कहा कि शरद पवार के नेतृत्व वाली पार्टी ने परिसीमन का समर्थन करने का फैसला किया है। हालांकि, पार्टी के लोकसभा में मुख्य सचेतक और शिरूर से सांसद अमोल कोल्हे ने कहा कि विधेयक का अध्ययन करने के बाद ही इस बारे में कोई निर्णय लिया जाएगा। पार्टी के वरिष्ठ विधायक और प्रवक्ता आव्हाड ने कहा, शरद पवार का फैसला मेरे और बाकी सभी लोगों के लिए अंतिम है।

साहेब (पवार) ने कहा है कि परिसीमन एक संवैधानिक प्रक्रिया है और इसे देर-सवेर होना ही है। इसका समर्थन करने का फैसला किया गया है। हमारे सांसद विधेयक का गहन अध्ययन करेंगे और (कार्यकारी अध्यक्ष) सुप्रिया सुले द्वारा लिए गए फैसले के अनुसार आगे की कार्रवाई होगी।

हालांकि, जब इस बारे में कोल्हे से प्रतिक्रिया मांगी गई तो उन्होंने आव्हाड के बयान का समर्थन नहीं किया। कोल्हे ने सोमवार से शुरू होने वाले संसद के विशेष सत्र में पार्टी के आठों लोकसभा सदस्यों को उपस्थित रहने का व्हिप जारी किया है। उन्होंने कहा, सुले ने पार्टी का रुख स्पष्ट कर दिया है।

हमें पहले विधेयक के मसौदे का अध्ययन करना होगा, उसके बाद ही कोई फैसला लिया जा सकता है। इस बीच, आव्हाड ने शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के नेता संजय राउत की उस कथित टिप्पणी को भी खारिज कर दिया, जिसमें उन्होंने परिसीमन विधेयक का समर्थन करने वालों को गद्दार बताया था। राकांपा (शप) और शिवसेना (उबाठा) विपक्षी गठबंधन के सहयोगी हैं।

आव्हाड ने कहा कि राउत अपनी निजी राय रखने के लिए स्वतंत्र हैं, लेकिन राकांपा (शप) के नेता शरद पवार के प्रति वफादार हैं। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने शुक्रवार को परिसीमन से जुड़े महिला आरक्षण के एक नए विधेयक को मंजूरी दी। इसके तहत सभी राज्यों में लोकसभा सीटों की संख्या में एक समान 50 प्रतिशत की वृद्धि की जाएगी।

सरकार अगले सप्ताह से शुरू होने वाले संसद के विशेष सत्र में इसे पेश कर सकती है। इससे पहले, राकांपा (शप) द्वारा परिसीमन विधेयक पर सरकार का समर्थन किए जाने की अटकलों के बीच सुप्रिया सुले ने कहा था कि पार्टी विधेयक के मसौदे की पहले जांच करेगी और उसके बाद ही अपना रुख स्पष्ट करेगी। उन्होंने कहा था, जब तक विधेयक हमारे हाथ में नहीं आता, मैं कैसे बता सकती हूं?

वहीं, राज्य के मंत्री उदय सामंत ने शुक्रवार को कहा कि यदि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा-शप) के प्रमुख शरद पवार राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में शामिल होते हैं या परिसीमन विधेयक का समर्थन करते हैं, तो भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार इस कदम का स्वागत करेगी। सामंत ने नांदेड़ हवाई अड्डे के बाहर हिंगोली रवाना होने से पहले संवाददाताओं से बात करते हुए यह बयान दिया। इस दौरान उन्होंने ऑपरेशन टाइगर को लेकर लगाई जा रही अटकलों को भी खारिज किया।

इस कथित अभियान के तहत उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (उबाठा) के नेताओं को अपने पाले में लाकर उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में शामिल कराने की बात कही जा रही है। शरद पवार के राजग को संभावित समर्थन देने या परिसीमन प्रक्रिया का समर्थन करने से जुड़े सवालों पर उद्योग मंत्री सामंत ने कहा कि इस विधेयक पर अंतिम फैसला संसद को लेना है।

प्रमुख खबरें

Women Reservation: केंद्रीय मंत्रिमंडल ने परिसीमन से जुड़े नये विधेयक को दी मंजूरी

Calcutta High Court ने रद्द की बागी MLA ऋतब्रत बनर्जी की नेता प्रतिपक्ष पद पर नियुक्ति

भारत और Singapore मध्यस्थता को दें बढ़ावा, CJI सूर्यकांत ने साझा अनुभवों पर दिया जोर

Lok Sabha विस्तार और Delimitation पर छिड़ी बहस, जानिए पक्ष और विपक्ष के मुख्य तर्क