जनवरी से कारें हो जाएंगी महंगी, वाहन कलपुर्जा विनिर्माताओं ने की मूल्य वृद्धि की घोषणा

By Prabhasakshi News Desk | Dec 08, 2024

नयी दिल्ली । विभिन्न कार मॉडलों की कीमतें बढ़ने वाली हैं क्योंकि वाहन विनिर्माताओं ने जनवरी से कीमतों में बढ़ोतरी की घोषणा की है। कार विनिर्माता अगले महीने से कीमतों में बढ़ोतरी लागू करने का मुख्य कारण इनपुट लागत और परिचालन व्यय में वृद्धि बताते हैं। हालांकि, उद्योग विशेषज्ञों का कहना है कि यह कवायद हर साल दिसंबर में वाहन विनिर्माताओं द्वारा वर्ष के अंतिम महीने में बिक्री की मात्रा बढ़ाने के लिए की जाती है, क्योंकि ग्राहक नए साल में वाहन खरीदने के लिए बाद के महीनों तक खरीदारी स्थगित कर देते हैं। 

परामर्श कंपनी डेलॉयट इंडिया के साझेदार रजत महाजन ने कहा, “हमने भारत में कीमतों में बढ़ोतरी के कुछ चक्र देखे हैं। यह कैलेंडर वर्ष और वित्त वर्ष की शुरुआत में होता है, लेकिन कुछ वाहन मूल कलपुर्जा विनिर्माता (ओईएम) अपने नियोजित लॉन्च के आधार पर भी समय चुनते हैं।” रेटिंग एजेंसी इक्रा के उपाध्यक्ष एवं क्षेत्र प्रमुख (कॉरपोरेट रेटिंग) रोहन कंवर गुप्ता ने कहा कि वाहन विनिर्माता कंपनियां आमतौर पर कैलेंडर वर्ष की शुरुआत में कीमतों में वृद्धि करती हैं, ताकि मुद्रास्फीति के दबाव और कमोडिटी की कीमतों आदि के कारण परिचालन लागत में वृद्धि जैसे कारकों की भरपाई की जा सके।

उन्होंने कहा, “हाल ही में विभिन्न कार ‍‍‍विनिर्माताओं द्वारा घोषित मूल्य वृद्धि इसी कारण से है। ध्यान दिया जाना चाहिए कि यात्री वाहन उद्योग में विभिन्न मॉडलों पर पहले से ही भारी छूट की पेशकश की जा रही है, उद्योग का ध्यान भंडारण के स्तर को कम करने पर है।” प्रवेश स्तर की ऑल्टो के10 से लेकर बहुउपयोगी वाहन इनविक्टो तक के मॉडल बेचने वाली कंपनी ने कहा कि वह बढ़ती इनपुट लागत और परिचालन व्यय के मद्देनजर कीमतों में बढ़ोतरी कर रही है।

प्रतिद्वंद्वी हुंदै मोटर इंडिया भी एक जनवरी, 2025 से अपने मॉडल रेंज की कीमतों में 25,000 रुपये तक की वृद्धि करने पर विचार कर रही है। महिंद्रा एंड महिंद्रा जनवरी से अपने एसयूवी और वाणिज्यिक वाहनों की कीमतों में तीन प्रतिशत तक की बढ़ोतरी करेगी। महिंद्रा एंड महिंद्रा ने कहा कि यह समायोजन मुद्रास्फीति और वस्तुओं की बढ़ी हुई कीमतों के कारण बढ़ती लागत को देखते हुए किया गया है। इसी प्रकार, जेएसडब्ल्यू एमजी मोटर इंडिया ने कहा कि वह अगले महीने से अपने संपूर्ण मॉडल शृंखला की कीमतों में तीन प्रतिशत तक की वृद्धि करेगी।

कंपनी ने कहा कि कीमतों में यह बढ़ोतरी लगातार बढ़ती इनपुट लागत और अन्य बाहरी कारकों का नतीजा है। होंडा कार्स इंडिया भी कीमतों में बढ़ोतरी पर विचार कर रही है, लेकिन अभी तक इस पर फैसला नहीं हुआ है कि कितनी बढ़ोतरी की जाएगी। लक्जरी कार बाजार की अग्रणी कंपनी मर्सिडीज-बेंज इंडिया जनवरी से कीमतों में तीन प्रतिशत तक की बढ़ोतरी करने की योजना बना रही है। इनपुट और परिवहन लागत में वृद्धि के कारण ऑडी इंडिया अपने सभी मॉडल रेंज की कीमतों में तीन प्रतिशत तक की वृद्धि करेगी। इसी तरह, बीएमडब्ल्यू इंडिया अगले साल जनवरी से अपने मॉडल रेंज की कीमतों में तीन प्रतिशत तक की वृद्धि करने की योजना बना रही है।

प्रमुख खबरें

श्रीगंगानगर की Central Jail में तलाशी के दौरान कैदी का हमला, जेलर हेमराज वैष्णव घायल

Titan Q2 Results: दूसरी तिमाही में शुद्ध लाभ दोगुना होकर 2,393 करोड़ रुपये हुआ

Mahanadi Coalfields के IPO को SEBI की हरी झंडी, Coal India बेचेगी 66 करोड़ से अधिक शेयर

Jaipal Malviya ने विश्व चैंपियनशिप में जीता सिल्वर, भारत को मिला पहला Olympic Quota