चारा घोटाला: 25 साल से फरार सत्येंद्र कुमार को CBI ने लखनऊ में दबोचा

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 24, 2026

चारा घोटाले से जुड़े एक मामले में 25 साल से फरार आरोपी को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने नेपाल से भारत तक उसकी गतिविधियों पर नजर रखने के बाद लखनऊ रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया। एजेंसी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। सीबीआई के एक बयान के अनुसार, मुकदमे की सुनवाई के दौरान पेश नहीं होने पर भगोड़ा घोषित किए गए सत्येंद्र कुमार को बृहस्पतिवार आधी रात के आसपास मध्यप्रदेश के गुना से लखनऊ जा रही ट्रेन में यात्रा करते समय गिरफ्तार कर लिया गया।

बाद में जांचकर्ताओं को जानकारी मिली कि उसने हाल ही में भारत में प्रवेश किया है। सीबीआई के एक प्रवक्ता ने कहा, “आरोपी ने हाल ही में भारत में प्रवेश किया था और वह 22 अक्टूबर 2026 को ट्रेन से गुना से लखनऊ जा रहा था। विशिष्ट खुफिया जानकारी के आधार पर आरोपी को गुना से लखनऊ के रास्ते में गिरफ्तार करने के लिए सीबीआई की एक विशेष टीम गठित की गई।” प्रवक्ता ने बताया कि ट्रेन के पहुंचने से पहले ही सीबीआई के अधिकारियों को लखनऊ रेलवे स्टेशन पर तैनात कर दिया गया था।

उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत 22 अक्टूबर की आधी रात के आसपास सत्येंद्र को गिरफ्तार कर लिया गया। सीबीआई के अनुसार, सत्येंद्र को सक्षम अदालत में पेश करने के लिए ट्रांजिट रिमांड पर झारखंड के रांची लाया जा रहा है।

प्रमुख खबरें

13-14 वर्ष की बच्चियों के मां बनने पर Governor Anandiben Patel ने जताई चिंता

Gujarat में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 17 IAS अफसरों के तबादले

Germany के बोखुम में आग से जान गंवाने वाले Kerala के तीन युवाओं के पार्थिव शरीर पहुंचे

Ministry of Home Affairs सेना के साथ मिलकर तैयार करेगा 60000 स्वयंसेवकों का Civil Defence Network