तमिलनाडु रेल परियोजना में 4 करोड़ के नुकसान पर CBI ने पूर्व इंजीनियरों पर दर्ज किए केस

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 14, 2026

केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने दक्षिण रेलवे के सेवानिवृत्त अभियंताओं और कुछ अन्य लोगों के खिलाफ दो मामले दर्ज किए हैं, जिन पर तमिलनाडु में एक नयी ‘ब्रॉड-गेज’ लाइन के मिलावित्तन-मेलमारुदुर खंड पर निर्माण कार्य के दौरान लगभग चार करोड़ रुपये का नुकसान पहुंचाने का आरोप है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। एजेंसी ने दोनों प्राथमिकियों में मोहम्मद सलाइया का नाम शामिल किया है, जो उस समय रेलवे के मदुरै निर्माण प्रभाग में उप मुख्य अभियंता थे।

अधिकारियों ने बताया कि एक मामले में विलियम जय (जो उस समय उसी प्रभाग में अधिशासी अभियंता थे) और कुछ अन्य लोगों के नाम भी शामिल किए गए हैं। यह मामला तूतीकोरिन जिले में एक नयी ‘ब्रॉड-गेज’ लाइन के 17.75 किलोमीटर लंबे मिलावित्तन-मेलामादुर खंड से जुड़ा है, जो प्रस्तावित मदुरै-तूतीकोरिन मार्ग का हिस्सा है। प्राथमिकी के अनुसार, रेलवे बोर्ड ने मार्च 2014 में 120.70 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से इस परियोजना को मंजूरी दी थी।

पहले मामले में, सीबीआई का आरोप है कि बिना मंजूरी के दो छोटे पुल बनाए गए, जबकि रेलवे ने केवल एक पुल को ही मंजूरी दी थी। एजेंसी का कहना है कि इन दोनों पुलों का ठेका तीन अक्टूबर 2016 को वाई चिन्ना रेड्डी के स्वामित्व वाली एक फर्म को दिया गया था, और यह काम ‘‘सक्षम प्राधिकारी से पूर्व मंजूरी लिए बिना’’ किया गया। ये पुल 10 जुलाई 2017 को 3.59 करोड़ रुपये की लागत से बनकर तैयार हुए थे।

एजेंसी का आरोप है कि ये एक ही जलमार्ग पर एक-दूसरे से 30 मीटर की दूरी पर स्थित हैं और इन्हें मिलाकर एक ही पुल बनाया जा सकता था। सीबीआई ने आरोप लगाया कि पुलों को बिना किसी तकनीकी जरूरत के, स्वीकृत स्तर से लगभग चार मीटर ऊंचा बनाया गया, जिससे लागत बढ़ गई, और इसके परिणामस्वरूप 2.57 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ। प्राथमिकी के अनुसार, पुलों के पूरा होने के लगभग दो साल बाद, 24 मई 2019 को इनके लिए मंजूरी मांगने वाला एक प्रस्ताव लाया गया, जो कथित तौर पर ‘‘अवैध निर्माण’’ को सही ठहराने की कोशिश के तहत किया गया।

सलाइया के अलावा, सीबीआई ने इस मामले में फर्म को भी इसके प्रबंध निदेशक रेड्डी के माध्यम से आरोपी बनाया है। दूसरी प्राथमिकी में जय का भी नाम है। इसमें आरोप लगाया गया है कि इन दोनों अभियंताओं ने 2016-17 में मदुरै के एक निवासी के साथ मिलकर ‘‘रेलवे के नियमों और प्रक्रियाओं का पालन किए बिना’’ कंक्रीट की एक ‘रिटेनिंग वॉल’ बनाने की साजिश रची, जिसकी वजह से 1.44 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ।

प्रमुख खबरें

Rajasthan Panchayat Election: 25 जिलों में चौथे चरण का मतदान, शुरुआती 3 घंटे में 15.81% वोटिंग

उपराज्यपाल Manoj Sinha पहुंचे माता Vaishno Devi धाम, सुरक्षा समीक्षा के बाद की पूजा-अर्चना

Yes Milord: एक-दो नहीं, महिला ने रचाईं 9 शादियां! सातवें पति पर लगाया प्रताड़ना का आरोप तो कोर्ट ने पलट दिया पूरा खेल!

देश-विदेश के महत्वपूर्ण घटनाक्रम: शनिवार दोपहर तक की बड़ी खबरें