78 करोड़ की बैंक धोखाधड़ी में VFS Capital Limited पर CBI का केस, कोलकाता-देहरादून में छापे

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 20, 2026

केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने शुक्रवार को 121.78 करोड़ रुपये के बैंक धोखाधड़ी मामले में वीएफएस कैपिटल लिमिटेड के निदेशकों से जुड़े कोलकाता और देहरादून स्थित कई ठिकानों पर छापेमारी की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एजेंसी ने इस मामले में कंपनी और अन्य संबंधित लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।

सीबीआई की प्रवक्ता बीना यादव ने एक बयान में बताया कि भारतीय लघु उद्योग विकास बैंक (सिडबी) की शिकायत पर वीएफएस कैपिटल लिमिटेड, कंपनी के निदेशकों और गारंटरों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपियों पर धोखाधड़ी के लिए आपराधिक साजिश रचने और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है। प्रवक्ता ने बताया कि इस कथित धोखाधड़ी से बैंक को करीब 121.78 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ।

यादव ने बताया कि शिकायत में आरोप लगाया गया कि आरोपियों ने आपराधिक साजिश रचकर बड़े पैमाने पर वित्तीय अनियमितताएं कीं और उन पर धन का गबन करने, उसे दूसरे कामों में लगाने, वित्तीय रिकॉर्ड में हेरफेर करने और धोखाधड़ी वाली गतिविधियों में शामिल होने का आरोप है। ये कथित अनियमितताएं सिडबी की ‘प्रयास’ और ‘टर्म लोन’ योजनाओं के तहत दी गई ऋण सुविधाओं से जुड़ी हैं। इसके कारण बैंक को 121.78 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ और आरोपियों को इतनी ही राशि का अनुचित लाभ मिला।

सीबीआई की छापेमारी के दौरान बैंक से जुड़े आपत्तिजनक दस्तावेज और संपत्ति के कागजात जब्त किए गए।

प्रमुख खबरें

Supreme Court ने Thirupparankundram पहाड़ी पर 24 नवंबर को दीप जलाने की दी इजाजत

Blind Cricket Asia Cup फाइनल बारिश से धुला, Pakistan को चैंपियन बनाने पर India नाराज

Supreme Court ने UP के दो पेंशन कानून किए रद्द, नियमित कर्मचारियों को मिलेगा पूरा लाभ

Vaibhav Suryavanshi को लगातार मौके न मिलने पर भड़के पूर्व कप्तान Krishnamachari Srikkanth