By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 20, 2026
उच्चतम न्यायालय ने शुक्रवार को एक बार के उपाय के तौर पर तमिलनाडु के तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी की चोटी पर 24 नवंबर को पाषाण स्तंभ ‘दीपाथून’ पर कार्तिगई दीपम जलाने की अनुमति दे दी। न्यायमूर्ति अरविंद कुमार और न्यायमूर्ति विपुल एम. पंचोली की पीठ ने कहा कि दीप प्रज्वलन के लिए केवल देवस्थानम (मंदिर प्रशासन) के अधिकृत व्यक्तियों और सरकारी अधिकारियों को ही पहाड़ी पर जाने की अनुमति होगी। अदालत ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यकता पड़ने पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करने का भी निर्देश दिया।
न्यायालय ने लोगों को उस जगह पर जाने से रोका और कहा कि समारोह के दौरान कोई जुलूस निकालने, लोगों के इकट्ठा होने, नारे लगाने या प्रदर्शन करने की अनुमति नहीं होगी। शीर्ष अदालत ने हालांकि फैसले के उन हिस्सों पर रोक लगा दी, जिनमें ‘दीपाथून’ में दीपक जलाने की प्रथा को बहाल करने के निर्देश को बरकरार रखा गया था। यह अंतरिम अनुमति पहाड़ी की चोटी के मालिकाना हक और अनुष्ठान के स्थान को लेकर हिंदू श्रद्धालुओं और हजरत सुल्तान सिकंदर बादशाह औलिया दरगाह के बीच चल रहे विवाद के बीच दी गई है।
न्यायालय ने कहा कि उसके द्वारा दी गई अनुमति को कोई भी पक्ष किसी स्थापित परंपरा के सबूत के तौर पर पेश नहीं कर सकता। पीठ ने कहा, “मौजूदा व्यवस्था इस निष्कर्ष पर आधारित नहीं है कि पाषाण स्तंभ पारंपरिक धार्मिक अनुष्ठानों का स्थान है या ऐतिहासिक रूप से ऐसा रहा है। साथ ही, यह भी तय नहीं किया गया है कि उक्त स्थान पर दीपक जलाना कोई अनिवार्य धार्मिक प्रथा है या नहीं, और न ही यह तय किया गया है कि इस संबंध में किसी व्यक्ति, संस्था या संप्रदाय का कोई ऐसा अधिकार है जिसे लागू कराया जा सके।” मदुरै के अरुलमिगु सुब्रमण्यस्वामी मंदिर में ‘कार्तिगई दीपम’ को लेकर विवाद इस बात पर है कि तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी पर दीपक कहां और किसके द्वारा जलाया जाना चाहिए।
कई दशकों से, यह दीपक पहाड़ी के निचले ढलान पर स्थित उचि पिल्लयार मंदिर के पास, ‘दीपा मंडपम’ में जलाया जाता रहा है। हिंदू समूहों ने ‘दीपाथून’ पर दीपक जलाने की अनुमति मांगी थी। यह पत्थर का एक दीप-स्तंभ है, जो दरगाह से लगभग 50 मीटर ऊपर पहाड़ी पर स्थित है।
बृहस्पतिवार को दरगाह पक्ष ने उच्चतम न्यायालय से कहा कि तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी के पूरे ऊपरी हिस्से के वे ही मालिक हैं। उन्होंने हिंदू श्रद्धालुओं की उस मांग का विरोध किया, जिसमें ‘कार्तिगई दीपम’ को जलाने की अनुमति मांगी गई थी। एक दीवानी मुकदमे में 1920 के पारित न्यायिक आदेश का हवाला देते हुए, दरगाह पक्ष की ओर से अदालत में पेश हुए वरिष्ठ अधिवक्ता अमित आनंद तिवारी ने कहा कि कुछ ऐसे निष्कर्ष मौजूद हैं जिनसे पता चलता है कि नेल्लीथोपे से पहाड़ी तक जाने वाली सीढ़ियां दरगाह की हैं।
तमिलनाडु सरकार ने बुधवार को तर्क दिया था कि दीपक जलाने की अनुमति देने से देश भर में मौजूद हज़ारों सर्वे पिलर धार्मिक स्वरूप ले सकते हैं। तमिलनाडु सरकार ने बुधवार को अदालत में दलील दी थी कि दरगाह के पास स्थित पत्थर के स्तंभ पर पारंपरिक ‘कार्तिगई दीपम’ जलाने की अनुमति देने से देशभर में मौजूद हजारों सर्वेक्षण स्तंभों को धार्मिक स्वरूप दिए जाने की स्थिति पैदा हो सकती है।