Sanjay Ghose अपहरण और हत्या केस में ULFA उग्रवादी फटिक हातिमोता को उम्रकैद

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 28, 2026

गुवाहाटी की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) अदालत ने सामाजिक कार्यकर्ता संजय घोष के 1997 में अपहरण और हत्या के मामले में उल्फा उग्रवादी फटिक हातिमोता को शनिवार को उम्रकैद की सजा सुनाई। घोष माजुली में मिट्टी के कटाव को रोकने के लिए सामुदायिक पहल से जुड़े थे। उनका चार जुलाई, 1997 को एक सहयोगी के साथ अपहरण कर लिया गया था, हालांकि, उनका सहयोगी बाद में किसी तरह भागने में सफल रहा था।

अदालत ने 20 नवंबर को हातिमोता को दोषी ठहराया था। अदालत ने कहा था कि अभियोजन पक्ष भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 364 के साथ धारा 34 के तहत हातिमोता के खिलाफ लगाए गए आरोपों को साबित करने में सफल रहा है। अदालत ने उसे हत्या के इरादे से किसी व्यक्ति का अपहरण या अगवा करने अथवा उसे हत्या किए जाने के जोखिम में डालने के अपराध में भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 364 के तहत दोषी ठहराया था।

यह धारा 34 के साथ पढ़ी गई है, जो साझा मंशा से किए गए कृत्यों से संबंधित है। अदालत ने इससे पहले सजा सुनाए जाने के लिए हातिमोता को उसके समक्ष पेश करने का गुवाहाटी की केंद्रीय जेल को निर्देश दिया था। अदालत ने जेल अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया था कि उसे जेल के चिकित्सा अधिकारी के माध्यम से आवश्यक उपचार मिले।

हातिमोता को राज्य पुलिस ने नवंबर 2011 में माजुली से गिरफ्तार किया था और सीबीआई को सौंप दिया था। सीबीआई ने अक्टूबर 1997 में इस मामले की जांच अपने हाथ में ली थी। उसे जुलाई 2012 में गुवाहाटी उच्च न्यायालय से जमानत मिल गई थी और 20 नवंबर को दोषी ठहराए जाने के बाद उसे हिरासत में ले लिया गया।

घोष के अपहरण के करीब एक महीने बाद उल्फा ने दावा किया था कि उनकी उसी रात हत्या कर दी गई थी और उसका शव ब्रह्मपुत्र नदी में फेंक दिया गया था। उनका शव कभी बरामद नहीं हुआ। इस घटना ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ध्यान आकर्षित किया था।

घोष की रिश्तेदार और पूर्व राजनयिक अरुंधति घोष ने यह मामला संयुक्त राष्ट्र (यूएन) में उठाया था।

प्रमुख खबरें

Afghanistan के कुनार में स्कूल के पास विस्फोट, 10 लोगों की मौत और 110 घायल

Mushfiqur Rahim का International Cricket से संन्यास का फैसला, ढाका में खेलेंगे आखिरी Test

Ukraine पर Russia के भीषण Drone Attack, कम से कम नौ नागरिकों की मौत

पूंजी जुटाने के लिए Share Market में उतरेंगी बिजली कंपनियां, कई राज्यों ने दिखाई रुचि