बीरभूम हिंसा: गिरफ्तार टीएमसी नेता से सीबीआई की पूछताछ, अस्पताल में घायलों के बयान दर्ज किये

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Mar 28, 2022

रामपुरहाट (पश्चिम बंगाल)| बीरभूम हिंसा मामले की जांच कर रही सीबीआई ने तृणमूल कांग्रेस के गिरफ्तार नेता अनारुल हुसैन और अन्य आरोपियों से पूछताछ की और हिंसा में घायल हुए लोगों के बयान भी दर्ज किए।

सीबीआई अधिकारियों ने यहां पास के गांव का भी दौरा किया, जहां एक स्थानीय टीएमसी पंचायत नेता की हत्या के बाद कुछ घरों में आग लगा दी गई थी, जिसमें आठ लोगों की मौत हो गई थी। सीआरपीएफ कर्मियों की एक टीम केंद्रीय एजेंसी के अधिकारियों को सुरक्षा प्रदान कर रही है।

इससे पहले राज्य सरकार द्वारा गठित एसआईटी जांच कर रही थी। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा निर्देश दिये जाने के कुछ घंटों के भीतर पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए अनारुल हुसैन को सुबह रामपुरहाट थाने से सीबीआई कैंप कार्यालय ले जाया गया और एजेंसी के अधिकारियों ने उससे पूछताछ की।

सीबीआई के एक अधिकारी ने बताया कि रामपुरहाट ब्लॉक-1 के पूर्व टीएमसी अध्यक्ष हुसैन से दो अन्य आरोपियों के साथ पूछताछ की गई। सीबीआई दल शुक्रवार देर रात रामपुरहाट पहुंचा था और उसने शनिवार सुबह पुलिस उपमहानिरीक्षक रैंक के एक अधिकारी के नेतृत्व में जांच शुरू कर दी।

कलकत्ता उच्च न्यायालय ने राज्य पुलिस को मामले के संबंध में सभी गिरफ्तार व्यक्तियों की हिरासत सीबीआई को सौंपने का निर्देश दिया था।

सीबीआई अधिकारियों की एक अन्य टीम ने रविवार को रामपुरहाट अस्पताल का दौरा किया और चार घायलों के बयान दर्ज किए।

उच्च न्यायालय के आदेश के बाद शनिवार सुबह डीआईजी रैंक के एक अधिकारी के नेतृत्व में सीबीआई की टीम बोगतुई पहुंची और जांच का जिम्मा संभाला।

प्रमुख खबरें

Delhi Police ने 2021 के मर्डर केस में भगोड़ा हरीश उर्फ पिलुआ पकड़ा

न्यूयॉर्क में ICE अधिकारियों की कार्रवाई, कार से टक्कर मारने वाले व्यक्ति पर चलाई गोली

Lilavati Hospital Trust वित्तीय धोखाधड़ी मामला: Mumbai Sessions Court ने FIR के आदेश को सही ठहराया

Ranchi T20: Shai Hope के नाबाद शतक से जीता West Indies, सीरीज 1-1 से बराबर