Hush Money Case में Donald Trump को बड़ी राहत, संघीय अदालत में ट्रांसफर हो सकता है मामला

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 24, 2026

अमेरिका की एक संघीय अपीलीय अदालत ने धन देकर खामोश कराने से जुड़े आपराधिक मामले में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की दोषसिद्धि का फैसला रद्द कराने का सोमवार को नया रास्ता खोल दिया। अदालत ने मामले को संघीय अदालत में स्थानांतरित करने का मार्ग प्रशस्त किया, जहां ट्रंप राष्ट्रपति के रूप में प्राप्त कानूनी संरक्षण के आधार पर इसे खारिज करने का अनुरोध कर सकते हैं। अमेरिका की दूसरी सर्किट अपीलीय अदालत की तीन न्यायाधीशों की पीठ ने अधीनस्थ अदालत के उस फैसले को पलट दिया, जिसके तहत मामले को न्यूयॉर्क की राज्य अदालत में बरकरार रखा गया था।

इसी अदालत में ट्रंप के खिलाफ मुकदमा चला था और उन्हें वयस्क फिल्मों की अभिनेत्री स्टॉर्मी डेनियल्स को किए गए 1,30,000 अमेरिकी डॉलर के भुगतान को छिपाने के लिए व्यावसायिक अभिलेखों में हेरफेर करने से जुड़े 34 गंभीर आपराधिक आरोपों में दोषी ठहराया गया था। पीठ ने अधीनस्थ अदालत को इस बारे में शीघ्र फैसला करने का निर्देश दिया कि मामला संघीय अदालत में ही रहना चाहिए या नहीं। यदि मामला संघीय अदालत में ही रहता है तो ट्रंप राष्ट्रपति पद पर प्राप्त कानूनी संरक्षण का हवाला देते हुए फैसला रद्द करने का अनुरोध कर सकते हैं।

इस फैसले के बाद राज्य की अदालत में ट्रंप की समानांतर अपील पर जारी कार्यवाही को रोकने की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। ट्रंप किसी भी तरह के गलत काम से इनकार करते रहे हैं और इस मामले में उन्हें कोई सजा नहीं दी गई थी। हालांकि, इस मामले के कारण वह किसी अपराध में दोषी ठहराए जाने वाले पहले अमेरिकी राष्ट्रपति बन गए थे।

दो पन्नों के अपने आदेश में दूसरी सर्किट अदालत की पीठ ने कहा कि वह अमेरिकी जिला न्यायाधीश एल्विन हेलरस्टीन के उस पूर्व फैसले से असहमत है, जिसमें उन्होंने इस ऐतिहासिक मामले को राज्य अदालत से संघीय अदालत में स्थानांतरित करने के ट्रंप के अनुरोध को खारिज कर दिया था। इस प्रक्रिया को कानूनी भाषा में ‘रिमूवल’ कहा जाता है। अपीलीय न्यायाधीशों ने कहा कि न्यायाधीश हेलरस्टीन का यह निष्कर्ष गलत था कि दोषसिद्धि के बाद राज्य अदालत में चल रहे किसी आपराधिक मामले को संघीय अदालत में स्थानांतरित नहीं किया जा सकता।

उन्होंने यह मानने में भी गलती की कि मामले को स्थानांतरित कराने के ट्रंप के दो प्रयासों के पीछे पर्याप्त आधार नहीं था। ट्रंप ने पहला प्रयास आरोप तय होने के बाद और दूसरा मुकदमे की सुनवाई पूरी होने के बाद किया था। ट्रंप की कानूनी टीम के एक प्रवक्ता ने बयान में कहा कि राष्ट्रपति ‘‘दूसरी सर्किट अदालत के त्वरित और सही फैसले की सराहना करते हैं, क्योंकि वह डेमोक्रेटिक पार्टी द्वारा हमारी न्याय प्रणाली को हथियार के रूप में इस्तेमाल किए जाने के खिलाफ लगातार जीत हासिल कर रहे हैं।’’ इस मामले में अभियोजन चलाने वाले मैनहट्टन जिला अटॉर्नी कार्यालय ने टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।

प्रमुख खबरें

Amol Palekar Birthday:: Amol Palekar ने Bank of India की नौकरी छोड़ शुरू की एक्टिंग, Golmaal से मिली पहचान

China में विदेशी एजेंसी के लिए जासूसी करने पर पूर्व अधिकारी को मिली मौत की सजा

Dev Deepawali: काशी के गंगा घाटों पर देव दीपावली आज, त्रिपुरासुर वध के बाद देवताओं ने जलाए थे दीप

नेपाल में 5.6 तीव्रता का Earthquake, सिक्किम और उत्तर बंगाल में कांपी धरती