By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Oct 13, 2016
केंद्र ने केरल के कन्नूर जिले में भाजपा के 25 वर्षीय कार्यकर्ता की नृशंस हत्या पर आज राज्य सरकार से रिपोर्ट मांगी। गृह मंत्रालय ने एक पत्र लिखकर राज्य सरकार से घटना की विस्तृत जानकारी और अपराध को अंजाम देने वाले व्यक्तियों को पकड़ने एवं सजा के लिए उठाये गए कदमों के बारे में जानकारी मांगी।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि गृह मंत्रालय ने इसके साथ ही केरल सरकार से कहा है कि वह राज्य में राजनीतिक कार्यकर्ताओं की सुरक्षा के लिए उठाये गए कदमों के बारे में जानकारी दे। भाजपा कार्यकर्ता रेमिथ की बुधवार को मुख्यमंत्री पिनारायी विजयन के गृह नगर कन्नूर में हत्या कर दी गई थी। भाजपा कार्यकर्ता की हत्या माकपा कार्यकर्ता मोहनन की हत्या के 48 घंटे के भीतर हुई। भाजपा ने अपने पाटी कार्यकर्ता की हत्या के विरोध में आज केरल में बंद आहूत किया है।