By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 28, 2026
सरकार ने युवा महिलाओं और किशोरियों के लिए व्यावसायिक प्रशिक्षण के अवसर बढ़ाने के मकसद से शनिवार को नव्या 2.0 पहल शुरू की। इसके तहत आकांक्षी और दुर्गम क्षेत्रों पर विशेष ध्यान देते हुए 24 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के 100 जिलों को शामिल किया जाएगा। नव्या 2.0 (युवा महिलाओं और किशोरियों के लिए व्यावसायिक प्रशिक्षण के माध्यम से आकांक्षाओं को पोषित करना) की शुरुआत केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी और कौशल विकास एवं उद्यमिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जयंत चौधरी ने हरिद्वार स्थित उत्तराखंड संस्कृत संस्थानम में संयुक्त रूप से की।
इस पहल के तहत पात्रता आयु सीमा 16-18 वर्ष से बढ़ाकर 16-25 वर्ष कर दी गई है। इसमें उद्योग की जरूरतों के अनुरूप उभरते और गैर-पारंपरिक क्षेत्रों में प्रशिक्षण दिया जाएगा। आधिकारिक बयान के अनुसार जिला स्तर पर इसे लागू करने के लिए एक समान मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) बनाई जाएगी, जबकि कौशल भारत डिजिटल हब (एसआईडीएच) नामांकन से लेकर प्रमाणन तक उम्मीदवारों की मदद करेगा और उनके प्रशिक्षण की प्रगति पर नजर रखेगा।
इस मौके पर अन्नपूर्णा देवी ने कहा, सरकार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से लड़कियों के जीवन के हर पड़ाव पर सहयोग कर रही है और नव्या 2.0 इस प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाती है। उन्होंने कहा, लड़कियों को इस पहल से जोड़ने का उद्देश्य केवल प्रशिक्षण समूहों में संख्या भरना नहीं है, बल्कि नामांकन से लेकर आजीविका तक हर लड़की और उसके परिवार के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखना है। हम सुनिश्चित करेंगे कि प्रशिक्षण पाने वाली हर लड़की सार्थक रोजगार की दिशा में आगे बढ़े।
जयंत चौधरी ने इस पहल को लेकर एक वीडिये संदेश में कहा, कौशल कार्यक्रम की सफलता का आकलन प्रशिक्षण के बाद मिलने वाले अवसरों से होता है। नव्या 2.0 के माध्यम से हम चाहते हैं कि अधिक युवा महिलाएं, खासकर सुविधाओं से वंचित जिलों की महिलाएं, ऐसे करियर अपनाएं जिनके बारे में उन्होंने पहले शायद सोचा भी न हो, प्रशिक्षुता के जरिए व्यावहारिक अनुभव हासिल करें या अपना उद्यम शुरू करें। यह पहल महिला एवं बाल विकास मंत्रालय और कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय का संयुक्त प्रयास है।