INDIA गठबंधन के जरूरी संदेश पर Mamata Banerjee पहुंचीं Delhi, संसद रणनीति पर होगी चर्चा

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 28, 2026

तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की संस्थापक ममता बनर्जी अगले सप्ताह से शुरू होने वाले संसद के विशेष सत्र से पहले ‘इंडिया’ गठबंधन के नेताओं से आपात संदेश मिलने के बाद शनिवार को दिल्ली रवाना हो गईं। सोमवार से संसद का विशेष सत्र बुलाया गया है, जिसमें कुछ महत्वपूर्ण विधायी कार्य किए जाने हैं। इस बीच संकेत मिल रहे हैं कि सरकार महिला आरक्षण लागू करने को परिसीमन से जोड़ने वाले संविधान संशोधन विधेयक को फिर से पेश कर सकती है।

दिल्ली रवाना होने से पहले अपने आवास के बाहर पत्रकारों से बात करते हुए बनर्जी ने कहा कि उन्हें विपक्ष के वरिष्ठ नेताओं के संदेश मिले थे। उन्होंने कहा कि इन नेताओं ने उनसे जल्द से जल्द राष्ट्रीय राजधानी पहुंचने का कई बार आग्रह किया था। उन्होंने कहा, “आज अपराह्न तीन बजे मुझे एक संदेश मिला।

यह बहुत जरूरी था। इसलिए बंगाल में हमारे नेताओं और कार्यकर्ताओं पर लगातार हो रहे हमलों को देखते हुए कोलकाता में ही रुकने के अपने पहले के फैसले के बावजूद मुझे दिल्ली जाना पड़ रहा है।” पूर्व मुख्यमंत्री ने बताया कि ‘इंडिया’ गठबंधन के नेताओं ने उनके लिए विशेष विमान की व्यवस्था करने की पेशकश की थी, लेकिन उन्होंने इसे स्वीकार नहीं किया और नियमित यात्री विमान से जाने का फैसला किया। उन्होंने कहा, “मैं एअर इंडिया की उड़ान से दिल्ली जा रही हूं।” ममता बनर्जी का अचानक दिल्ली जाना विपक्षी खेमे में हो रहे राजनीतिक घटनाक्रम के बीच महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

कुछ विपक्षी दलों ने भाजपा के नेतृत्व वाले राजग के समर्थन वाली पहलों का समर्थन करने के संकेत दिए हैं। शरद पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शप) ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को समर्थन देने के अपने फैसले की घोषणा की है। वहीं, परंपरागत रूप से भाजपा का विरोध करने वाले द्रविड़ मुनेत्र कषगम (डीएमके) ने भी परिसीमन विधेयक का समर्थन करने का ऐलान किया है।

‘इंडिया’ गठबंधन के नेताओं की रविवार को दिल्ली में बैठक होनी है, जिसमें उभरती राजनीतिक स्थिति पर चर्चा की जाएगी और संसद के विशेष सत्र में आने वाले विधायी कार्यों को लेकर विपक्ष की रणनीति तय की जाएगी। ममता बनर्जी के भी इस बैठक में हिस्सा लेने की उम्मीद है। पत्रकारों से बातचीत में बनर्जी ने कहा, “जब तक मुझे इस बैठक के बारे में पूरी जानकारी नहीं मिल जाती, तब तक मैं इस पर कोई और टिप्पणी नहीं कर पाऊंगी।”

प्रमुख खबरें

2024 चुनाव पर भरोसा नहीं तो इस्तीफा दें Rahul Gandhi, Ravi Shankar Prasad की मांग

Navya 2.0 की शुरुआत: 100 जिलों की युवतियों को मिलेगा वोकेशनल ट्रेनिंग का मौका

Arjun Ram Meghwal ने बताया Delimitation का खाका, 132nd Amendment से बदलेगा चुनावी ढांचा

BPCL आंध्र प्रदेश के Ramayapatnam में 1.26 लाख करोड़ रुपये से लगाएगी New Refinery