Chaitra Navratri 2022: इस बार नवरात्रि में किस वाहन पर सवार होकर आएंगी माता रानी? जानिए इसका मतलब

By प्रिया मिश्रा | Apr 01, 2022

हिन्दू धर्म में नवरात्रि पर्व का बहुत महत्व है। नवरात्रि में नौ दिनों तक माँ दुर्गा के अलग-अलग रुपों की पूजा-आराधना की जाती है। नवरात्रि के पहले दिन कलश स्थापना के साथ ही माता की पूजा शुरु हो जाती है और नवमी के दिन हवन और कन्या पूजन किया जाता है। इस बार चैत्र नवरात्रि की शुरुआत 02 अप्रैल (शनिवार) से हो रही है। मान्यता है कि नवरात्रि के नौ दिनों में माता के नौ रूपों की भक्तिभाव से पूजा करने से माता अपने भक्तों पर प्रसन्न होती हैं और उन्हें सुख-समृद्धि और शक्ति प्रदान करती हैं। वैसे तो माँ दुर्गा का वाहन सिंह को माना जाता है लेकिन देवी भागवत पुराण के अनुसार देवी के आगमन के लिए अलग-अलग वाहन हैं। ऐसा माना जाता है कि माता जिस वाहन पर सवार होकर धरती पर आती हैं उसके अनुसार आने वाले भविष्य की घटनाओं का अनुमान लगाया जाता है। आइए जानते हैं कि माता इस साल कौन सी सवारी पर सवार होकर माता धरती पर आएंगी और इसका क्या प्रभाव होगा -

देवी भागवत पुराण के अनुसार हर साल नवरात्रि के समय और तिथि के अनुसार माता अलग-अलग वाहनों पर सवार होकर धरती पर आती हैं। ऐसा माना जाता है कि अगर नवरात्रि की शुरुआत सोमवार या रविवार को हो रही है तो इसका मतलब है कि माता हाथी पर सवार होकर आएंगी। वहीं अगर शनिवार या फिर मंगलवार को कलश स्थापना हो रही है तो माता घोड़े पर सवार होकर आती हैं। अगर गुरुवार या शुक्रवार को नवरात्रि का आरंभ होता है तो माता डोली पर सवार होकर आती हैं। वहीं नवरात्रि की शुरुआत बुधवार को हो तो माँ नाव को अपनी सवारी बनाकर आती हैं।

इसे भी पढ़ें: महाशक्ति की आराधना का पर्व है नवरात्रि

इस बार घोड़े पर सवार होकर आएंगी माता

इस बार चैत्र नवरात्रि की शुरुआत 02 अप्रैल 2022 (शनिवार) के दिन हो रही है। ऐसे में माता घोड़े को अपना वाहन बनाकर धरती पर आएंगी। देवी भागवत पुराण के अनुसार घोड़े पर माता का आगमन शुभ नहीं होता है। ऐसा माना जाता है कि घोड़े पर आने से पड़ोसी देशों से युद्ध, सत्ता में उथल-पुथल के साथ ही समाज में अस्थिरता और भूकंप या किसी बड़ी दुर्घटना की स्थिति बनती है। ऐसे में माता की भक्तिभाव से पूजा-आराधना करें जिससे माता की कृपा आपके और आपके परिवार पर सदैव बनी रहे।

- प्रिया मिश्रा

प्रमुख खबरें

Russian Army में शामिल Surat के रमणीक सखवाला 4 महीने से लापता, परिवार परेशान

Cabinet ने Fast Track Special Courts योजना 5 साल बढ़ाई, PM Modi बोले- त्वरित न्याय मिलेगा

UP में अब कालीन नहीं बिछाएगा ‘अब्दुल’, नेता बनेगा: AIMIM प्रमुख Asaduddin Owaisi

ओडिशा के Koraput में दिखा Royal Bengal Tiger, वन विभाग ने ग्रामीणों को किया अलर्ट