By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 22, 2026
शैले होटल्स अपने आतिथ्य पोर्टफोलियो का विस्तार करने के लिए अगले तीन वर्षों में लगभग 3,500 करोड़ रुपये का निवेश करने की योजना बना रही है। कंपनी के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) श्वेतांक सिंह ने बताया कि दिल्ली हवाईअड्डे पर बनने वाले इसके ताज ब्रांड के होटल में अब अगले वित्त वर्ष (2027-28) की अप्रैल-जून तिमाही में लगभग 200 कमरे खुलने की उम्मीद है, जबकि पहले 70 कमरे खोलने की योजना थी। कंपनी के आगामी पोर्टफोलियो में दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (डीआईएएल) में 380 कमरों वाला ताज होटल शामिल है।
सिंह ने पीटीआई-भाषा को दिए एक साक्षात्कार में बताया कि डीआईएएल हवाईअड्डे पर ताज होटल का काम पूरा होने के करीब है, लेकिन प्रदूषण से जुड़े जीआरएपी प्रतिबंधों के कारण इसमें कुछ देरी हुई। उन्होंने कहा कि कंपनी को उम्मीद है कि हवाईअड्डा स्थित यह होटल उसके समग्र पोर्टफोलियो में अहम योगदान देगा, हालांकि राजस्व पर इसके असर का सटीक आकलन करना अभी जल्दबाजी होगी। उन्होंने कहा, हमें अगले तीन वर्षों में 3,500 करोड़ रुपये के पूंजीगत व्यय की उम्मीद है।
शैले होटल्स के पास इस समय लगभग 3,300 कमरे हैं और 2,036 कमरों की घोषित परियोजनाओं पर काम जारी है। सिंह ने कहा कि कंपनी की अन्य परियोजनाएं योजना के अनुसार आगे बढ़ रही हैं।