By दिव्यांशी भदौरिया | Mar 22, 2024
इस साल का पहला चंद्रग्रहण मार्च के महीने में लगने जा रहा है। यह चंद्र ग्रहण 25 मार्च को लगेगा। इसी होली का त्योहार भी है। हालांकि चंद्र ग्रहण एक भौगोलिक घटना है, लेकिन ज्योतिष की दृष्टि से इसे बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। ऐसी मान्यता है कि पूर्णिमा की रात राहू और केतु चंद्रमा को निगलने की कोशिश करते हैं, इसलिए चंद्रमा पर ग्रहण लगता है। ग्रहण लगना शुभ नहीं माना जाता है। ग्रहण का असर सभी राशियों पर पड़ता है। जब ग्रहण लगता है तो आसपास मौजूद नकारात्मक शक्तियां प्रबल हो जाती है। जिस कारण से हर चीज प्रभावित हो जाती है। होली त्योहार के दिन लगेगा इस साल का पहला चंद्रग्रहण का सूतक काल और इसका प्रभाव जानिए।
कब लग रहा है पहला चंद्र ग्रहण 2024?
साल का पहला चंद्र ग्रहण 25 मार्च को लगेगा। यह एक उपच्छाया चंद्र ग्रहण है, जिसे भारत में नहीं देखा जा सकेगा। बता दें कि, चंद्र ग्रहण 25 मार्च को सुबह 10 बजकर 23 मिनट से शुरु होगा और 03 बजकर 02 मिनट तक रहेगा।
पहले चंद्र ग्रहण का सूतक काल
वैसे तो चंद्र ग्रहण का सूतक काल ग्रहण के समय से 9 घंटे पूर्व ही प्रारंभ हो जाता है लेकिन इस बार चंद्र ग्रहण को भारत में नहीं देखा जा सकेगा। जिस कारण से यह सूतक काल माना नहीं जाएगा। होली पर भी इसका कोई प्रभाव नहीं होगा, आप चिंता छोड़कर मस्ती के साथ होली का पर्व मनाएं।
इन देशों में दिखेगा साल 2024 का पहला चंद्र ग्रहण
25 मार्च को इन देशों में लगेगा साल का पहला चंद्र ग्रहण। आयरलैंड, इंग्लैंड, स्पेन, पुर्तगाल, हॉलैंड, बैल्जियम, नार्वे, स्विट्जरलैंड, इटली, जर्मनी, फ्रांस, अमेरिका, जापान, रुस, ऑस्ट्रेलिया, अफ्रीका, प्रशांत, अटलांटिक, आर्कटिक और अंटार्कटिका के हिस्सों में चंद्र ग्रहण देखा जा सकेगा।