चंद्रशेखरन के टाटा समूह का चेयरमैन बनने का स्वागत

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jan 13, 2017

टीसीएस के प्रमुख नटराजन चंद्रशेखरन को टाटा समूह की धारक कंपनी टाटा संस का चेयरमैन बनाने का उद्योग जगत ने स्वागत करते हुए कहा है कि उनके पास ‘एक भारतीय आदर्श (टाटा) का संरक्षक’ बनने की जिम्मेदारी संभालने वाले ‘मजबूत कंधे’ हैं। सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र की प्रमुख कंपनी इंफोसिस के संस्थापक एन.आर. नारायणमूर्ति ने कहा कि चंद्रशेखरन को चुनौतियों का सामना करना होगा लेकिन टीसीएस में उन्होंने दिखाया है कि उनके पास इसकी क्षमता है।

 

देश के प्रमुख उद्योगपति और रिलायंस अनिल धीरूभाई अंबानी समूह के प्रमुख अनिल अंबानी ने भी चंद्रशेखरन के बारे में कहा कि, ‘‘उनके साथ कई मैराथन में दौड़ लगाई है। चंद्रशेखरन की प्रतिबद्धता, धीरज, साहस और फोकस को लेकर उनके मन में उच्चकोटि का सम्मान है। वह एक ‘कम्प्लीट पैकेज’ हैं।’’ चंद्रशेखरन के नया पद संभालने पर महिंद्रा समूह के प्रमुख आनंद महिंद्रा ने ट्वीट कर कहा, ‘‘अब आप एक भारतीय आदर्श के संरक्षक हैं। आपके पास इस जिम्मेदारी को संभालने के लिए मजबूत कंधे हैं।’’

 

देश के निजी क्षेत्र के सबसे बड़े बैंक आईसीआईसीआई बैंक की प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी चंदा कोचर ने कहा कि चंद्रशेखरन ने टीसीएस को वैश्विक कंपनी बनाने का नेतृत्व किया है। उनका वैश्विक अनुभव और टाटा समूह के साथ लंबा जुड़ाव उनकी नयी जिम्मेदारी के लिए अमूल्य सिद्ध होगा। इसके अलावा आरपीजी एंटरप्राइजेज के चेयरमैन हर्ष गोयनका, बैंक ऑफ अमेरिका के अध्यक्ष एवं कंट्री प्रमुख काकू नखाटे और कोटक महिंद्रा बैंक के उपाध्यक्ष उदय कोटक ने भी चंद्रशेखरन को बधाई दी।

 

चंद्रशेखरन को टाटा समूह का चेयरमैन बनाए जाने पर इंफोसिस और विप्रो के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों (सीईओ) ने भी उन्हें बधाई दी है। इंफोसिस के सीईओ विशाल सिक्का ने कहा, ‘‘चंद्रशेखरन एक काबिल नेतृत्वकर्ता हैं और मैं उन्हें अपनी शुभकामनाएं देता हूं।’’

 

विप्रो के सीईओ अब्दाली जेड. नीमच वाला ने कहा कि टाटा की मूल्य प्रणाली के लिए चंद्रशेखरन एक आदर्श प्रतिरूप हैं और देश के सबसे बड़े औद्योगिक घराने के लिए एक अच्छा चयन हैं। गौरतलब है कि इंफोसिस और विप्रो दोनों ही सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र में टीसीएस की प्रतिस्पर्धी कंपनियां हैं।

 

प्रमुख खबरें

तमिलनाडु में कांग्रेस और DMK में क्या लफड़ा हो गया? UP का जिक्र, कर्ज की फिक्र ने बढ़ाया सियासी पारा

Avatar Fire and Ash Collection | जेम्स कैमरन की अवतार 3 ने दुनिया भर में 750 मिलियन डॉलर का आंकड़ा पार किया, भारत में भी दमदार प्रदर्शन

UP Police Bharti 2026: यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा का बदला नियम, निगेटिव मार्किंग समाप्त, जानिए क्या है नया अपडेट

Arbaaz Khan से तलाक पर मिली थी खूब आलोचना, पर खुद के फैसले पर कायम! Malaika Arora ने बताई जिंदगी की कड़वी सच्चाई