आतंकी हाफिज सईद के घर के बाहर विस्फोट मामले में तीन और के खिलाफ चार्जशीट दाखिल

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Sep 18, 2022

पाकिस्तान में पुलिस ने जमात-उद-दावा प्रमुख हाफिज सईद के घर के बाहर पिछले साल जून में कार बम विस्फोट मामले में मुख्य साजिशकर्ता समेत तीन और संदिग्धों के खिलाफ आरोप पत्र दायर किया है। आतंकी हाफिज सईद मुंबई हमले का मुख्य साजिशकर्ता है। पंजाब पुलिस के एक सूत्र ने शनिवार को ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि इस मामले में पांच संदिग्धों को दोषी ठहराए जाने के बाद मुख्य साजिशकर्ता और अन्य दो सूत्रधारों को गिरफ्तार किया गया है।

एक सीटीडी अधिकारी ने कहा, “सीटीडी ने शुक्रवार को जौहर टाउन में जमात-उद-दावा प्रमुख हाफिज सईद के आवास के पास वर्ष 2021 में बम विस्फोट करने के मामले में समीउल हक (मुख्य साजिशकर्ता), अजीज अकबर और नवीद अख्तर (सहायक) के खिलाफ एटीसी, लाहौर के समक्ष आरोप पत्र दायर किया। एटीसी लाहौर ने जनवरी में चार संदिग्धों - ईद गुल (प्रतिबंधित तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान का कार्यकर्ता), पीटर पॉल डेविड, सज्जाद शाह और जियाउल्लाह को नौ मामलों में मौत की सजा सुनाई थी।

इसने उच्च सुरक्षा वाली कोट लखपत जेल में बंद कमरे में सुनवाई के दौरान आयशा बीबी नाम की एक महिला को पांच साल कैद की सजा सुनाई थी। अभियोजन पक्ष ने संदिग्धों के खिलाफ 56 गवाह पेश किए।प्रतिबंधित लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) का संस्थापक हाफिज सईद आतंकी वित्तपोषण के कई मामलों में दोषी ठहराये जाने के बाद लाहौर स्थित कोट लखपत जेल में सजा काट रहा है। ऐसी अपुष्ट खबरें थीं कि विस्फोट के समय सईद अपने घर पर मौजूद था। इकहत्तर वर्षीय हाफिज सईद एक कट्टरपंथी मौलवी और संयुक्त राष्ट्र द्वारा नामित आतंकवादी है, जिस पर अमेरिका ने एक करोड़ अमेरिकी डॉलर का इनाम रखा है।

प्रमुख खबरें

West Asia Crisis: Hormuz Strait में सप्लाई रुकी तो $120 के पार जाएगा Brent Crude, Goldman Sachs का अलर्ट

Cristiano Ronaldo के एक Like ने बढ़ाई Social Media पर हलचल, FIFA और Argentina की साख पर लगे कई बड़े आरोप

England Test Team की रेस में Justin Langer सबसे आगे, रवि शास्त्री और राहुल द्रविड़ दावेदारी से बाहर

Gold Price Hike: घरेलू बाजार में सोना हुआ महंगा, MCX Futures में एक प्रतिशत की जोरदार रिकवरी