By दिव्यांशी भदौरिया | Nov 17, 2026
आजकल डेटिंग का सिलसिला सोशल मीडिया से शुरु हो रहा है। कोई व्यक्ति ऑनलाइन मिला है और फिर धीरे-धीरे उसके लिए स्पेशल फीलिंग्स जागने लगती हैं। कभी आपने भी सोचा होगा कि सोशल मीडिया या डेंटिग साइट पर आपको एक मैसेज फ्लैश होता है। आप उस मैसेज को पढ़ते हैं और आपके चेहरे बड़ी मुस्कान आ जाती है।
उसके हर रिप्लाई काफी हाजिरजवबी भरे, रोमांटिक और मजेदार हैं कि आपको लगने लगता है, जैसे कि "वाह, मुझे बिल्कुल परफेक्ट पार्टनर मिल गया!"
ऑनलाइन चैटिंग पर आपके पार्टनर की मीठी बातें भी शहद लगने लगती हैं। हालांकि, जब कई दिनों की इस ऑनलाइन चैटिंग के बाद आप पहली बार उस इंसान से मिलते हैं, तो आप काफी हैरान हो जाते हैं। आपको रियल में पता चलता है कि मैसेज में जादू बिखेरने वाली पर्सनैलिटी असल जिंदगी में पूरी तरह से अलग निकला।
शायद ऐसा, आपके साथ जरुर हुआ होगा, तो अब सावधान हो जाएं। आज के सोशल मीडिया के दौर में मैसेज और असल जिंदगी की पर्सनैलिटी के इसी बड़े अंतर को आजकल डेटिंग की भाषा में चैटफिशिंग कहते हैं।
आखिर क्या है चैटफिशिंग?
Gen Z के दौर में डेटिंग के मामले काफी अलग-अलग निकलकर आ रहे हैं। वहीं, चैटफिशिंग डेटिंग का एक एकदम नया ट्रेंड है। ऐसे कई लोग है, जो अपनी भावनाओं को लिखकर व्यक्त करने में झिझकते हैं या उन्हें सही समय पर अच्छे से जवाब नहीं सूझते। इस समस्या से बचने के लिए वे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद लेते हैं। अक्सर लोग चैट का स्क्रीनशॉट लेते हैं, उसे AI टूल में डालते हैं और वहां से मिले शानदार जवाब को सीधा कॉपी-पेस्ट करके आपको भेज देते हैं। इससे वे पल भर में बेहद रोमांटिक और स्मार्ट लगने लगते हैं।
कब रेड फ्लैग बन जाती है यह आदत?
दरअसल, आप कोई एक अच्छी पिक-अप लाइन सोचने या अपनी किसी बात को थोड़ा बेहतर ढंग से कहने के लिए AI की मदद ले सकते हैं, तो इसमें कोई बुराई नहीं है। लेकिन परेशानी तब उत्पन्न होती है, जब इंसान अपनी पूरी की पूरी पर्सनैलिटी ही AI के भरोसे गढ़ने लगता है। गौरतलब है कि चैट पूरी तरह से मशीनी दिमाग से लिखी जा रही हो, तो व्यक्ति अनजाने में अपनी एक झूठी इमेज बना लेता है। इसी कारण से जब दो लोग असल जिंदगी में मिलते हैं, तो चैट का वह जादुई इंप्रेशन एकदम टूट जाता है।
कैसे पहचानें कि मैसेज इंसान लिख रहा है या AI?
आजकल इस तरह के मैसेज को पकड़ना काफी मुश्किल है, लेकिन नामुमकिन नहीं। जब लोग आम जिंदगी में बात करते हैं, तो सिंपल भाषा का इस्तेमाल करते हैं। वे अपने दिनभर के किस्सों, किसी वेबसीरीज या नई फिल्मों का जिक्र करते हैं। इसके विपरीत, यदि सामने वाला हर एक मैसेज एकदम नपा-तुला, बिना किसी गलती के और जरुरत से ज्यादा 'परफेक्ट' दिखाई दे रहा है, तो समझ ले कि वह AI की मदद से जवाब लिख रहा है।
क्या है इससे निपटने का सही तरीका?
अगर आप इस ट्रेंड के भ्रम से बचना चाहते हैं, तो रियल लाइफ में मिलना। यदि आपको मैसेजेस के तरीके पर जरा शक हो रहा है, तो उस व्यक्ति से फेस-टू-फेस मिलें और उनके साथ समय बिताएं। जब आप अपने पार्टनर से रुबरु होंगे, तो यह जल्दी साफ हो जाएगा कि चैटिंग में दिखने वाला वह शानदार इंसान असलियत में भी वैसा ही है, या फिर AI से बनाया हुआ जाल है।