Arvind Kejriwal का पुराना आवास Sheeshmahal अब आम जनता के लिए खुलेगा, PWD करेगा टिकट की व्यवस्था

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 17, 2026

दिल्ली के लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने मंगलवार को घोषणा की कि दिल्ली सरकार पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास ‘शीशमहल’ को आम लोगों के देखने के लिए खोलेगी। सिंह ने कहा कि आम लोगों के लिए आवास देखने का समय आरक्षित करने और टिकट बुक करने की व्यवस्था अगले सप्ताह तक शुरू कर दी जाएगी। मंत्री ने संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘जनता की मांग को देखते हुए हम ‘शीशमहल’ को लोगों के देखने के लिए खोलेंगे।

हम लोगों को भ्रष्टाचार का सबसे बड़ा उदाहरण दिखाएंगे कि कैसे एक व्यक्ति, जिसने कहा था कि वह सरकारी वाहन तक का इस्तेमाल नहीं करेगा, उसने कई अन्य घरों को ध्वस्त करके अपने लिए यह आलीशान आवास बनवाया।’’ उन्होंने कहा कि शुरुआत में मीडिया के लिए आवास देखने की व्यवस्था की जाएगी। इसके बाद आम लोग टिकट खरीदकर आवास के अंदरूनी हिस्सों को देख सकेंगे। फ्लैगस्टाफ रोड स्थित बंगला नंबर छह में केजरीवाल 2015 से 2024 तक दिल्ली के मुख्यमंत्री के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान रहे थे।

फरवरी 2025 में हुए विधानसभा चुनाव के दौरान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आम आदमी पार्टी (आप) और उसके राष्ट्रीय संयोजक के कथित भ्रष्टाचार को उजागर करने के लिए इस बंगले को ‘शीशमहल’ नाम दिया था। पिछले साल दिल्ली विधानसभा में पेश भारत के नियंत्रक एवं महालेखापरीक्षक (कैग) की एक रिपोर्ट के अनुसार, फ्लैगस्टाफ रोड स्थित केजरीवाल के तत्कालीन सरकारी आवास (बंगला नंबर छह) के नवीनीकरण पर 33.66 करोड़ रुपये खर्च हुए थे, जो अनुमानित लागत से 342 प्रतिशत अधिक थे।

प्रमुख खबरें

Breaking News | दिल्ली के विवेक विहार में बड़ा हादसा: पुरानी तीन मंजिला इमारत ढही, 6-7 लोग घायल, मलबे में कई लोगों के फंसे होने की आशंका

Azam Khan को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत, फर्जी जन्म प्रमाण पत्र मामले में दोषसिद्धि पर रोक बरकरार, दूसरी ओर ED केस में 10 दिन की न्यायिक हिरासत

Dating में Chatfishing बन रहा रेड फ्लैग, असल मुलाकात में टूट जाता है AI चैट का इंप्रेशन

Sonia Gandhi Book Launch | सोनिया गांधी की किताब के लॉन्च पर इंडिया गठबंधन के नेताओं संग दिखे अमरिंदर सिंह, कांग्रेस वापसी की अटकलों को किया खारिज