नयी आबकारी नीति में शराब पीने पर नैतिक प्रतिबंध लगाया है : Chauhan

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Mar 12, 2023

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को कहा कि प्रदेश सरकार ने नयी आबकारी नीति में शराब पीने पर नैतिक प्रतिबंध लगाया है। इसके अलावा, उन्होंने कहा कि जन-कल्याण और विकास कार्यों के लिए पैसे की कोई कमी नहीं है। चौहान यहां रवींद्र भवन में प्रदेश की ‘मातृ शक्ति के सम्मान, सुरक्षा एवं हितों के अनुरूप आबकारी नीति’ लाने पर अपने अभिनंदन समारोह में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कहा, ‘‘सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने पर रोक लगाई गई है। दुर्घटनाएं रोकने और समाज-सुधार की दृष्टि से यह बड़ा कदम है।’

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना के माध्यम से बहनों के खाते में प्रतिमाह एक-एक हजार रूपए डाले जाएंगे। चौहान ने कहा कि मैं दीदी के सुझावों पर हमेशा कार्य करूंगा। अच्छे कार्यों के लिए मुझे सदैवदीदी का आशीर्वाद मिलता रहा है और आगे भी मिलता रहेगा। उनकी प्रेरणा से ही मैं यह कार्य कर पाया हूं। बेटी और बहन के कल्याण के लिए बेहतर से बेहतर कार्य किये जाएंगे। इस अवसर पर उमा भारती ने कहा कि मुख्यमंत्री चौहान ने नयी आबकारी नीति लाकर ऐतिहासिक कार्य किया है।

इसके लिये उन्होंने मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा, “नयी नीति से मैं बहुत खुश हूं। मुझे आत्म-संतोष है। मुख्यमंत्री ने मेरे मन की कामना पूरी की है। ऐसी आबकारी नीति भारत के किसी भी राज्य में नहीं है।” भारती ने कहा कि नयी नीति में शराब पीकर वाहन नहीं चला सकते हैं और न ही सड़क पर चल सकते हैं। यह नीति ऐसे हालात पैदा कर देगी कि लोग शराब छोड़ने के लिए मजबूर हो जायेंगे। समाज की मर्यादा रखने में यह नीति मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने कहा कि नीति का पालन कराना प्रशासन के साथ जन-प्रतिनिधियों की भी बड़ी जिम्मेदारी है। पुलिसकर्मियों का समर्थन करते हुए भारती ने कहा, ‘‘पुलिस को शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों को बिना किसी डर के दंडित करना चाहिए, चाहे वह कोई भी हो।

प्रमुख खबरें

संसद के एक और सत्र की हलचल! संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू बोले- सत्रावसान नहीं हुआ, सरकार जब चाहे बुला सकती है बैठक

भारत आने की तैयारी में लगे थे जिनपिंग-पुतिन, अचानक भागे-भागे रूस पहुंच गए CIA चीफ

Nepal Flash Floods | नेपाल में जलप्रलय! लापता लोगों में 300 से अधिक भारतीय शामिल, विदेश मंत्री शिशिर खनाल का बड़ा बयान

Nepal Flood: ICIMOD ने हिमस्खलन को माना तबाही की वजह, 160 से अधिक मौतें