Chess Olympiad: भारतीय पुरुष और महिला टीमों ने जीते दूसरे दौर के मुकाबले

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Sep 17, 2026

मौजूदा चैंपियन भारतीय पुरुष और महिला टीम ने 46वें शतरंज ओलंपियाड के दूसरे दौर में कुछ उतार-चढ़ाव के बावजूद अपने-अपने मुकाबले जीतकर चार मैच अंक के साथ शीर्ष स्थान पर अपनी स्थिति मजबूत कर ली। लगातार दूसरे दिन निहाल सरीन भारतीय पुरुष टीम की जीत में निर्णायक साबित हुए। उन्होंने विरोधी की चाल को कुछ देर के लिए भांपने में चूकने के बाद हाफिज आरिफ अब्दुल को शिकस्त दी।

मौजूदा विश्व चैंपियन डी गुकेश का संघर्ष जारी रहा और उन्हें काले मोहरों से खेल रहे सातरिया दुत चहाया ने ड्रॉ पर रोक दिया। बाजी ड्रॉ होने के बावजूद भारत ने 2-1 की बढ़त बना ली। इसके बाद शीर्ष बोर्ड पर आर प्रज्ञानानंदा जीत के लिए संघर्ष कर रहे थे।

प्रज्ञानानंदा ने काफी प्रयास किया लेकिन सफेद मोहरों से बेहद ठोस खेल दिखाने वाले सुसांतो मेगारांतो ने उन्हें बराबरी पर रोक दिया। दोनों खिलाड़ियों ने 79 चाल के बाद अंक बांट लिए। विदित संतोष गुजराती और नायका बुधिधर्मा की बाजी भी ड्रॉ रही।

शीर्ष वरीयता प्राप्त अमेरिका का भी मंगोलिया के खिलाफ कुछ ऐसा ही परिणाम रहा और उसने 2.5-1.5 से जीत दर्ज की। वहीं 2022 के विजेता मेजबान उज्बेकिस्तान ने पेरू को 3.5-0.5 से करारी शिकस्त दी। महिला वर्ग में भारतीय टीम ने बेहतर प्रदर्शन किया।

विश्व कप विजेता दिव्या देशमुख ने यहां पहली बार खेलते हुए दूसरे बोर्ड पर जोहाना पासिकांगास को हराकर जीत से शुरुआत की। वंतिका अग्रवाल ने लगातार दूसरी जीत दर्ज करते हुए तीसरे बोर्ड पर सारा-ओलिविया सिप्पोला को हराया। बी साविता श्री ने भी प्रभावशाली प्रदर्शन जारी रखते हुए हेल्जा लेहटिनेन को शिकस्त दी।

भारत के पक्ष में स्कोर 3-0 होने के बाद आर वैशाली ने अनास्तासिया केनानेन के साथ ड्रॉ खेला।

प्रमुख खबरें

उत्तराखंड में Adani Power को क्यों मिली 1320 मेगावाट की परियोजना, सरकार ने दी सफाई

Barcelona ने नए Season की शुरुआत में 7 लगातार Wins के साथ दागे 33 Goals

Tata Electronics ने सेमीकंडक्टर विनिर्माण के लिए Nexperia और Fujifilm संग किए समझौते

ICC के नए उपाध्यक्ष बने Tavengwa Mukuhlani, Imran Khwaja की जगह 2027 तक संभालेंगे पद