By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 12, 2026
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए नगर निगम ने गोमती नदी के 110 घाटों पर व्यापक तैयारियां की है। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि नगर निगम के सभी आठ जोन में स्थित 47 प्रमुख और 63 छोटे घाटों पर विशेष साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और सजावट समेत जरूरी इंतजाम किए गए हैं।
एक बयान के मुताबिक नगर आयुक्त गौरव कुमार के निर्देश पर प्रमुख घाटों पर रंगाई-पुताई, साफ-सफाई, सजावट के साथ-साथ कूड़ेदान की व्यवस्था की गई है। वहीं, छोटे घाटों पर भी सफाई और सजावट का कार्य कराया गया है। बयान में कहा गया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए घाटों पर पानी के टैंकर और ‘मोबाइल टॉयलेट’ लगाए गए हैं।
पर्व के दौरान व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए सभी घाटों पर नियंत्रण कक्ष भी स्थापित किए गए हैं। पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए प्रत्येक घाट पर अर्पण कलश स्थापित किए गये हैं। इसके माध्यम से पूजा सामग्री को नदियों और जलाशयों में प्रवाहित करने के बजाय निर्धारित स्थान पर एकत्र किया जाएगा।
छठ पूजा को ‘शून्य कचरा’ (जीरो वेस्ट) पर्व बनाने के उद्देश्य से घाटों पर सफाई मित्रों की तैनाती की गई है, जो कचरे का उचित निस्तारण सुनिश्चित करेंगे। नगर निगम की ओर से जोनवार प्रमुख घाटों में जोन-1 के लक्ष्मण मेला घाट और लल्लूमल घाट, जोन-2 के लेटे हनुमान मंदिर घाट, जोन-3 के बैरल नंबर-2, सांझिया घाट और झूलेलाल घाट, जोन-4 के गोमती नगर विस्तार, जोन-5 के स्कूटर इंडिया और गौरी बाजार, जोन-6 के कुड़िया घाट और मेहंदी घाट, जोन-7 के कुकरैल घाट तथा जोन-8 के सैनिक स्कूल बोटिंग क्लब घाट पर विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।