Chhattisgarh: बस के खदान में गिरने से 12 लोगों की मौत, 14 लोग घायल

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Apr 10, 2024

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में मंगलवार को एक बस के खदान में गिरने से तीन महिलाओं समेत 12 लोगों की मौत हो गई है और 14 लोग घायल हो गए। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने घटना पर दुख जताया है।

हालांकि बाद में उन्होंने बताया कि मृतकों की सूची में कुछ नामों को एक से अधिक बार शामिल कर लिया गया था। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कुम्हारी क्षेत्र में स्थित केडिया डिस्टिलरीज की बस कर्मचारियों को लेकर निकली थी और बस में 30 से अधिक कर्मचारी सवार थे।

अधिकारियों ने बताया कि घटना मंगलवार रात साढ़े आठ बजे उस समय हुई, जब बस खपरी गांव के करीब पहुंची और अनियंत्रित होकर 40 फुट गहरे मुरम खदान में गिर गई। पुलिस के मुताबिक, घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस दल को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया।

घटनास्थल में अंधेरा होने के कारण शुरू में बचाव कार्य में परेशानी हुई। कुछ देर बाद राज्य आपदा मोचन बल और पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शवों और घायलों को बाहर निकाला। उन्होंने बताया कि शवों और घायलों को अस्पताल भेजा गया है तथा खदान से बस को निकालने की कोशिश की जा रही है।

दुर्ग जिले की कलेक्टर रिचा प्रकाश चौधरी ने बताया कि इस घटना में 12 लोगों की मौत हुई है और 14 अन्य घायल हुए हैं। घायलों में से 12 को रायपुर अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान में भर्ती कराया गया है। चौधरी ने बताया कि मामले की दंडाधिकारी जांच कराई जाएगी और इसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने बताया कि हादसे के बाद उद्योग प्रबंधन से बात की गई है। प्रबंधन की ओर से हादसे में पीड़ित लोगों को मुआवजा देने का आश्वासन दिया गया है। वहीं प्रशासन की ओर से मुआवजे की घोषणा की जाएगी। उद्योग से परिवार के एक सदस्य को रोजगार देने पर पर भी चर्चा की गई है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने घटना पर दुख जताया है। राष्ट्रपति मुर्मू ने एक्स पर कहा, छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एक बस के दुर्घटनाग्रस्त होने से अनेक लोगों के हताहत होने का समाचार बहुत दुखद है। सभी शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहन संवेदनाएं! मैं घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।

वहीं प्रधानमंत्री मोदी ने हादसे पर दुख जताते हुए एक्स पर कहा, छत्तीसगढ़ के दुर्ग में हुआ बस हादसा अत्यंत दुखद है। इसमें जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी संवेदनाएं। इसके साथ ही मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। राज्य सरकार की निगरानी में स्थानीय प्रशासन पीड़ितों की हरसंभव मदद में जुटा है।

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भी इस हादसे पर दुख जताया है। साय ने एक्स पर कहा, दुर्ग के कुम्हारी के पास निजी कंपनी के कर्मचारियों से भरी बस के दुर्घटनाग्रस्त होने की दुखद सूचना प्राप्त हुई। मैं ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को शांति एवं शोक संतप्त परिजनों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं। दुर्घटना में घायल कर्मचारियों के इलाज का समुचित प्रबंध किया गया है। मैं उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं।

प्रमुख खबरें

Ajith Kumar से गले मिले CM Vijay तो मचा सियासी बवाल, DMK ने कसा तंज

Goa Assembly Election 2027: AAP और GFP ने बनाया Goa First गठबंधन

Kejriwal और Vijay Sardesai का Goa First गठबंधन, गोवा में भाजपा और कांग्रेस की मिलीभगत पर किया प्रहार

Trisha Krishnan और Vijay के नए Video से फिर उड़ी अफेयर की अफवाह, Silverstone में दिखे साथ