छत्तीसगढ़: डीजल चोरी के आरोप में एक्सकेवेटर मशीन ऑपरेटर को बांधकर पीटा, चार आरोपी गिरफ्तार

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Nov 08, 2025

छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में एक पत्थर की खदान में काम करने वाले एक एक्सकेवेटर मशीन (खुदाई के काम में इस्तेमाल होने वाली मशीन) के ऑपरेटर को सात लोगों ने कथित तौर पर डीजल चोरी के आरोप में अर्ध नग्न करके बांध दिया और बेरहमी से पीटा।

इस मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें एक व्यक्ति अंत:वस्त्र पहने हुए दिख रहा है और उसके हाथ-पैर बंधे हुए हैं और उसे कुछ लोग लात-घूंसे मार रहे हैं।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मारपीट की यह घटना चार नवंबर को बरियो पुलिस चौकी इलाके के भिलाईखुर्द गांव में हुई और इस सिलसिले में शुक्रवार को मामला दर्ज किया गया।

उन्होंने बताया कि इलाके के बघिमा गांव निवासी विनोद सारथी (25) ने अपनी शिकायत में बताया कि वह पिछले तीन साल से भिलाईखुर्द में लालू की पत्थर यूनिट में पोकलेन मशीन ऑपरेटर के तौर पर काम कर रहा है। वह जब चार नवंबर की सुबह अपने काम पर गया था तब लगभग पूर्वाह्न 11 बजे अन्य क्रशर यूनिट का अकाउंटेंट संजय प्रधान अपने साथियों रविशंकर, जेपी यादव, मोनू दास, रामलाल, दीपक अग्रवाल और एक और व्यक्ति के साथ वहां आया और उस पर डीजल चोरी का आरोप लगाकर उसे गाली देने और पीटने लगा।

सारथी ने बताया कि आरोपियों ने कथित तौर पर उसे अर्ध नग्न कर दिया और एक कमरे के भीतर उसके हाथ-पैर स्कार्फ से बांधकर मुक्कों और लातों से पीटा। सारथी ने शिकायत में कहा है कि उसके साथी वरुण शर्मा को भी आरोपियों ने नग्न करके पीटा।

अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को हिरासत में लिया है तथा अन्य फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।

प्रमुख खबरें

White House में बढ़ा दबाव, Midterm Elections से पहले ईरान युद्ध से Trump का Exit Plan तैयार!

क्या President Murmu का हुआ अपमान? Bharat Ratna Ceremony के Protocol पर BJP-TMC में तकरार

Arshdeep Singh पर ICC ने लगाया जुर्माना, फाइनल में डैरिल मिचेल को गेंद मारने की मिली सजा

Chaitra Navratri 2026: डोली पर आएंगी मां दुर्गा, इन 5 Lucky Zodiac Signs की चमकेगी किस्मत