By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 24, 2026
छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में पुलिस ने एक कंटेनर ट्रक से चार क्विंटल से अधिक गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत दो करोड़ रुपये से अधिक है। पुलिस ने इस मामले में उत्तर प्रदेश के दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि जिले के चिल्फी थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक कंटेनर ट्रक से 192 पैकेट में छिपाकर रखा गया 407 किलो 330 ग्राम गांजा बरामद किया। इसकी अनुमानित कीमत दो करोड़ तीन लाख 66 हजार 500 रुपये है। उन्होंने बताया कि सोमवार को चिल्फी थाने की पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक कंटेनर ट्रक (जिसके दोनों तरफ अंग्रेजी में पीएडीएचएएन लिखा हुआ है) में दो लोग भारी मात्रा में गांजा लेकर रायपुर, कवर्धा और चिल्फी के रास्ते मध्यप्रदेश के जबलपुर जा रहे हैं।
सूचना मिलने के बाद पुलिस दल ने वाहनों की जांच शुरू की और मुखबिर के बताए हुलिये वाले कंटेनर ट्रक को रोक लिया। अधिकारियों के मुताबिक, पूछताछ में ट्रक चालक ने अपनी पहचान राजू यादव (27) और उसके साथ सवार दूसरे व्यक्ति ने विकास यादव (26) के रूप में बताई। दोनों उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं।
पुलिस ने ट्रक की तलाशी ली तो चालक की सीट के ऊपर बना एक गोपनीय चेंबर मिला। उसकी जांच करने पर खाकी रंग के टेप से लिपटे 192 पैकेट में गांजा छिपाकर रखा हुआ मिला। अधिकारियों ने बताया कि गांजे के परिवहन और उससे जुड़े दस्तावेजों के बारे में पूछताछ करने पर आरोपियों ने बताया कि वे 17 नवंबर को कंटेनर ट्रक लेकर अलीगढ़ से निकले थे।
इसके बाद 21 नवंबर को ओडिशा के सुनकी घाटी में ट्रक के गोपनीय चेंबर में करीब चार क्विंटल गांजा इकट्ठा किया था। दोनों आरोपी गांजा लेकर रायपुर, कवर्धा और चिल्फी के रास्ते अलीगढ़ जा रहे थे। अधिकारियों ने बताया कि गांजे की आपूर्ति और उसके परिवहन से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जांच की जा रही है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ स्वापक औषधि और मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस) के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच जारी है।