Chicago Mayor Brandon Johnson ने Diwali को मान्यता देने का औपचारिक ऐलान किया

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 24, 2026

(सागर कुलकर्णी) वाशिंगटन, 24 नवंबर शिकागो के मेयर ब्रैंडन जॉनसन ने दिवाली को मान्यता देते हुए एक घोषणा जारी की है और शहर के निवासियों से उन विविध सांस्कृतिक एवं धार्मिक परंपराओं का उत्सव मनाने का आग्रह किया है जो आस पास के क्षेत्र को समृद्ध बनाती हैं और शहर में एकता को बढ़ावा देती हैं। जॉनसन ने सोमवार को यह घोषणा जारी करते हुए कहा कि यह त्योहार हिंदू और जैन समुदायों के लिए गहरा आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और धार्मिक महत्व रखता है जो इस त्योहार को अपने विशिष्ट रीति-रिवाजों और प्रथाओं के अनुसार मनाते हैं। शिकागो शहर सहित कुक काउंटी के आयुक्त मंडल ने भी इसी तरह की घोषणा जारी की।

यह घोषणा ऑरोरा स्थित श्री वेंकटेश्वर मंदिर में एक किशोर द्वारा सामूहिक गोलीबारी के प्रयास के कुछ सप्ताह बाद आई है। पिछले सप्ताह, शिकागो स्थित एफबीआई के क्षेत्र कार्यालय के अधिकारियों ने हिंदू समुदाय के सदस्यों से मंदिर सुरक्षा, घृणा अपराध की शिकायत दर्ज कराने और पूजा स्थलों एवं त्योहारों को लेकर जागरूकता बढ़ाने के मुद्दों पर चर्चा की। ‘हिंदू अमेरिकन फाउंडेशन’ संगठन की कार्यकारी निदेशक सुहाग शुक्ला ने एक बयान में कहा, ‘‘हम ऑरोरा और नेपरविले पुलिस विभागों एवं एफबीआई के आभारी हैं कि उन्होंने हमसे और 30 स्थानीय हिंदू संगठनों के प्रतिनिधियों से मुलाकात की।’’ एफबीआई अधिकारियों ने 20 नवंबर को हिंदू समुदाय के सदस्यों से संपर्क किया था।

इससे एक दिन पहले अलेक्जेंड्रोस पापोराकिस नामक एक किशोर पर श्री वेंकटेश्वर मंदिर पर हमले की साजिश रचने के आरोप में अभियोग लगाया गया था। शिकागो के मेयर के घोषणापत्र में उल्लेख किया गया है कि सिख समुदाय भी इसी त्योहार के दौरान स्वतंत्रता और मुक्ति के आदर्शों के सम्मान में बंदी छोड़ दिवस मनाते हैं। जॉनसन ने कहा, ‘‘शिकागो शहर आसपास के इलाकों में मनाई जाने वाली कई सांस्कृतिक एवं धार्मिक परंपराओं का स्वागत करता है और मानता है कि हमारी विविधताओं का सम्मान करना आपसी समझ को बढ़ावा देता है, सामुदायिक संबंधों को मजबूत करता है और एक समावेशी शहर के प्रति हमारी साझा प्रतिबद्धता को सुदृढ़ करता है, जहां सभी निवासियों को महत्व दिया जाता है।’’

प्रमुख खबरें

Delhi Riots मामले में Sharjeel Imam और Umar Khalid की जमानत पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई

राजीव गांधी की हत्या के लिए तैयार किया गया था माहौल, SPG सुरक्षा हटाने पर बोले Rahul Gandhi

Glowing Skin: ढीली स्किन को टाइट करने के लिए लगाएं Rice Flour और Aloe Vera Face Pack, चांद सा खिल उठेगा चेहरा

भारत के खिलाफ Hagley Oval में बेहतर उछाल की उम्मीद, Daryl Mitchell ने पिच को लेकर कही बात