झारखंड CM ने तोड़ा मोदी का रिकॉर्ड, 11 किमी पैदल चलकर प्रवाहित की अस्थियां

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Aug 24, 2018

रांची। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के अस्थि कलश को झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने सड़क मार्ग से ग्यारह किलोमीटर पैदल चलकर राजधानी रांची के नामकुम इलाके में स्वर्ण रेखा नदी में प्रवाहित किया। राजधानी रांची में हरमू स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय से दोपहर बाद पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का अस्थि कलश लेकर स्वयं मुख्यमंत्री रघुवर दास पैदल निकले और उनके साथ आदिवासी मामलों के केन्द्रीय मंत्री सुदर्शन भगत, झारखंड के शहरी विकास मंत्री सीपी सिंह एवं हजारों आम लोग जुलूस में शामिल थे।

अस्थि कलश लेकर मुख्यमंत्री एवं हजारों अन्य लोग देर शाम राजधानी के विभिन्न इलाकों से होते हुए नामकुम में स्वर्ण रेखा नदी के तट पर पहुंचे जहां उन्होंने अटल बिहारी अमर रहे के नारों के बीच अस्थि कलश को स्वर्ण रेखा नदी में प्रवाहित किया। भाजपा के प्रदेश महामंत्री दीपक प्रकाश ने बताया कि वाजपेयी के अस्थि कलश राज्य की शेष चार प्रमुख नदियों में कल प्रवाहित किये जायेंगे। इससे पूर्व दिल्ली से वाजपेयी का अस्थि कलश लेकर बुधवार को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुआ और प्रदेश महामंत्री अनंत ओझा यहां पहुंचे थे।

देश की राजधानी नयी दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृहमंत्री राजनाथ सिंह एवं विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के हाथों पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का अस्थि कलश मंगलवार को उन्होंने ग्रहण किया था। हवाई अड्डे पर मुख्यमंत्री रघुवर दास तथा उनके मंत्रिमंडल के सहयोगियों ने स्वयं अस्थि कलश ग्रहण किया। राज्य सरकार ने शहर के मध्य में कल शाम पूर्व प्रधानमंत्री को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए सभा का आयोजन किया जिसमें राज्यपाल, मुख्यमंत्री, विपक्ष के नेता हेमंत सोरेन, वरिष्ठ पत्रकार पद्मश्री बलबीर दत्त, सामाजिक कार्यकर्ता पद्मश्री अशोक भगत समेत तमाम गणमान्य लोगों तथा विभिन्न धर्मों के धार्मिक नेताओं ने दिवंगत नेता को श्रद्धा सुमन अर्पित किये।

प्रमुख खबरें

छह युवा वैज्ञानिकों को मिला Infosys Prize 2026 सम्मान, 100000 Dollar का मिलेगा नकद पुरस्कार

मुनक नहर पर Chhath Ghat का उद्घाटन, Nitin Nabin ने पूर्व सरकार पर साधा निशाना

PM Modi कर्नाटक में शुरू करेंगे 15600 करोड़ रुपये की परियोजनाएं, Pink Line और Vande Bharat की देंगे सौगात

Swachh Survekshan में इंदौर को मिले सर्वाधिक अंक, पुष्यमित्र भार्गव बोले जारी हो स्कोरकार्ड