PM Modi कर्नाटक में शुरू करेंगे 15600 करोड़ रुपये की परियोजनाएं, Pink Line और Vande Bharat की देंगे सौगात

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 12, 2026

(फोटो के साथ) बेंगलुरु, 12 नवंबर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शुक्रवार को कर्नाटक के दौरे पर रहेंगे, जहां वह कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। इनमें पिंक लाइन मेट्रो और वंदे भारत ट्रेन की शुरुआत के साथ-साथ अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित चार रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन कार्यक्रम भी शामिल है। एक आधिकारिक बयान के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी नयी मेट्रो लाइन की सेवाओं को हरी झंडी दिखाएंगे और तावरेकेरे से आईआईएम-बेंगलुरु मेट्रो स्टेशन तक यात्रा करेंगे।

वह बेंगलुरु में 15,600 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखने के साथ उनका उद्घाटन भी करेंगे और एक सभा को संबोधित करेंगे। बेंगलुरु मेट्रो की पिंक लाइन को कलेना अग्रहारा से तावरेकेरे तक करीब 3,470 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया गया है। मोदी कोप्पल-द्वितीय और गडग-द्वितीय में नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्रों के एकीकरण के लिए करीब 4,450 करोड़ रुपये की लागत से विकसित पारेषण योजना का उद्घाटन भी करेंगे।

इसके अलावा, वह बीदर में सौर ऊर्जा क्षेत्र के लिए करीब 1,370 करोड़ रुपये की लागत से विकसित पारेषण योजना का भी उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री दावणगेरे/चित्रदुर्ग और बल्लारी के नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्रों को जोड़ने के लिए 3,450 करोड़ रुपये से अधिक की पारेषण योजना की आधारशिला रखेंगे। वह दावणगेरे और बल्लारी में अतिरिक्त नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता के एकीकरण के लिए 1,100 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली पारेषण प्रणाली को मजबूत करने की परियोजना की आधारशिला भी रखेंगे।

बयान में कहा गया, प्रधानमंत्री मंगलुरु में देश की सबसे बड़ी भूमिगत एलपीजी भंडारण गुफा राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इसका निर्माण 850 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से किया गया है। इसकी भंडारण क्षमता 80,000 मीट्रिक टन है और इससे देश के एलपीजी भंडारण बुनियादी ढांचे को काफी मजबूती मिलेगी।

इस परियोजना में न्यू मंगलुरु बंदरगाह को मुख्य टर्मिनल से जोड़ने वाली 9.4 किलोमीटर लंबी एलपीजी पाइपलाइन भी शामिल है, जिससे एलपीजी के परिवहन और भंडारण में सुविधा होगी। मोदी मेंगलोर रिफाइनरी एंड पेट्रोकेमिकल्स लिमिटेड (एमआरपीएल) के बेंगलुरु स्थित देवनगोंठी विपणन टर्मिनल को भी राष्ट्र को समर्पित करेंगे। करीब 330 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित यह अत्याधुनिक सुविधा कर्नाटक में पेट्रोलियम उत्पादों के भंडारण और वितरण के बुनियादी ढांचे को मजबूत करेगी।

प्रधानमंत्री बेंगलुरु के हरलाकुंटे में गेल के संपीड़ित बायोगैस संयंत्र की आधारशिला भी रखेंगे। यह संयंत्र प्रतिदिन करीब 300 टन नगरपालिका ठोस कचरे का प्रसंस्करण कर 12.6 टन स्वच्छ संपीड़ित बायोगैस (सीबीजी) का उत्पादन करेगा। मोदी अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत राज्य के चामराजनगर, चिक्कमंगलुरु, सकलेशपुर और सुब्रह्मण्य रोड रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकसित भवनों का उद्घाटन करेंगे।

वह 284 किलोमीटर लंबी गडग-होसपेट रेल लाइन दोहरीकरण परियोजना के तहत बागलकोट-वंदल खंड के 45 किलोमीटर लंबे दोहरीकृत रेल मार्ग को भी राष्ट्र को समर्पित करेंगे। प्रधानमंत्री 55 किलोमीटर लंबे सकलेशपुर-सुब्रह्मण्य रोड घाट रेल खंड के विद्युतीकरण को भी राष्ट्र को समर्पित करेंगे। मोदी बेंगलुरु- मंगलुरु-मडगांव वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाएंगे।

इससे बेंगलुरु, तटीय कर्नाटक और गोवा के बीच तेज और आधुनिक रेल संपर्क उपलब्ध होगा। इसके बाद वह मैसुरु जाएंगे, जहां भारत वन में पौधरोपण कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे और कॉसमॉस-मैसूर तारामंडल का उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर वह एक सभा को भी संबोधित करेंगे।

प्रमुख खबरें

मुनक नहर पर Chhath Ghat का उद्घाटन, Nitin Nabin ने पूर्व सरकार पर साधा निशाना

Swachh Survekshan में इंदौर को मिले सर्वाधिक अंक, पुष्यमित्र भार्गव बोले जारी हो स्कोरकार्ड

Jaipur Literature Festival में जुटेंगे Simi Garewal और Vishal Bhardwaj, 14 जनवरी से होगा आगाज

Spain Parliament ने बेदखली रोकने और Housing Reforms के नए नियमों को दी मंजूरी