By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Feb 18, 2019
गोरखपुर/देवरिया। पुलवामा आतंकी हमले में शहीद हुये उप्र के देवरिया जिले के सीआरपीएफ जवान विजय मौर्य के घर आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहुंचे। मुख्यमंत्री सोमवार को मौर्य के पैतृक गांव जयदेव छपिया पहुंचे। वह शहीद के घर पर उसके परिवार के साथ करीब 20 मिनट तक रहे और परिजन को सांत्वना दी। हालांकि शहीद की पत्नी विजय लक्ष्मी ने दावा किया कि मुख्यमंत्री उसके घर पहुंचे लेकिन उससे बात नहीं की। शनिवार 16 फरवरी को शहीद विजय मौर्य का पार्थिव शरीर जब गांव आया था तो शहीद की पत्नी ने तब तक अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया था जब तक मुख्यमंत्री उसके घर न आ जायें। उस समय अधिकारियों ने उसे समझा कर किसी तरह से अंतिम संस्कार करवाया था और आज मुख्यमंत्री शहीद के घर पहुंचे।
यह भी पढ़ें: ICJ में कुलभूषण जाधव मामले की सुनवाई, हरीश साल्वे ने रखा भारत का पक्ष
मुख्यमंत्री ने कहा कि शहीद के गांवों के विकास और परिवारजनों को सुविधाएं देने का निर्देश संबंधित जिलों के अधिकारियों को दिया गया है। बाद में शहीद की पत्नी ने पत्रकारों से बातचीत में कहा मुझे तसल्ली है कि कम से कम मुख्यमंत्री मेरे घर आये, लकिन इस बात का दुख है कि उन्होंने मुझ से बात नहीं की । मैं शहीद की पत्नी हूं और मैं वहां बैठी थी लेकिन उन्होंने मुझसे नही पूछा कि मेरी डेढ़ साल की बेटी का अब क्या होगा। शहीद के पिता रामायण मौर्य ने कहा उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज मेरे घर आये । मैंने उनसे निवेदन किया कि मेरा दूसरे बेटे ने एमएससी की पढ़ाई की है और वह एक प्रायवेट कंपनी में काम करता है, उसे सरकारी नौकरी दिला दी जाये।’’