Barcelona के कोच Hansi Flick का बड़ा बयान, 'Pep Guardiola हैं दुनिया के बेस्ट कोच'

By Ankit Jaiswal | May 22, 2026

फुटबॉल जगत में शुक्रवार को बड़ी हलचल देखने को मिली जब मैनचेस्टर सिटी ने आधिकारिक रूप से घोषणा की कि पेप गार्डियोला क्लब छोड़ने जा रहे हैं। करीब 10 वर्षों तक क्लब के साथ शानदार सफर तय करने वाले गार्डियोला के जाने की खबर के बाद दुनियाभर के फुटबॉल प्रशंसकों के बीच भावुक प्रतिक्रियाएं सामने आ रही है।

इस बीच बार्सिलोना के मौजूदा मुख्य कोच हांसी फ्लिक ने भी गार्डियोला के लिए खास संदेश दिया। शुक्रवार को आयोजित संवाददाता सम्मेलन में फ्लिक ने कहा कि गार्डियोला जैसा कोच दुनिया में बहुत कम देखने को मिलता है। उन्होंने कहा कि किसी बड़े क्लब में लगातार 10 वर्षों तक शीर्ष स्तर पर बने रहना अपने आप में असाधारण उपलब्धि है।

हांसी फ्लिक ने कहा कि उन्होंने हमेशा पेप गार्डियोला को दुनिया का सर्वश्रेष्ठ कोच माना है। उनके मुताबिक गार्डियोला ने हर साल खुद को साबित किया और मुश्किल परिस्थितियों में भी टीम को संभालने की अद्भुत क्षमता दिखाई है।

फ्लिक ने आगे कहा कि जब भी फुटबॉल दर्शन की बात होती है तो गार्डियोला का नाम सबसे पहले आता है। उनकी टीमें हमेशा उच्च स्तर का खेल दिखाती हैं और वह हर बार विरोधी टीमों से बेहतर बनने का तरीका खोज लेते हैं। फ्लिक के अनुसार गार्डियोला द्वारा जीते गए खिताब उनकी महानता को साबित करते है।

मौजूद जानकारी के अनुसार पेप गार्डियोला ने मैनचेस्टर सिटी में अपने कार्यकाल के दौरान इंग्लिश फुटबॉल की तस्वीर बदल दी। हालांकि क्लब के पास मजबूत आर्थिक संसाधन थे, लेकिन गार्डियोला ने अपनी रणनीति, अनुशासन और खेल शैली से टीम को अलग पहचान दिलाई है।

गौरतलब है कि पेप गार्डियोला पहले भी बार्सिलोना के साथ ऐतिहासिक सफलता हासिल कर चुके हैं। उनकी कोचिंग में बार्सिलोना ने यूरोपीय फुटबॉल में नया दौर शुरू किया था। इसी वजह से आज भी बार्सिलोना प्रशंसकों के बीच उनकी लोकप्रियता काफी ज्यादा बनी हुई है।

हालांकि फिलहाल यह साफ नहीं है कि गार्डियोला आगे किस क्लब के साथ जुड़ेंगे, लेकिन फुटबॉल जगत को उम्मीद है कि वह जल्द ही किसी नई चुनौती के साथ वापसी करेंगे। वहीं कई प्रशंसक यह भी मानते हैं कि भविष्य में वह दोबारा बार्सिलोना से जुड़ सकते हैं, हालांकि इसकी अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

प्रमुख खबरें

AISA अध्यक्ष नेहा बोरा को Delhi High Court से झटका, शांति बॉण्ड नोटिस में दखल से इनकार

Akhilesh Yadav और सपा नेताओं के खिलाफ UP के तीन जिलों में लगे विवादित होर्डिंग

China Border पर स्थिति को लेकर Owaisi ने उठाई संसद सत्र बुलाने की मांग

Punjab Assembly से कांग्रेस विधायक Sukhpal Khaira मौजूदा सत्र के लिए सस्पेंड