By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 14, 2026
इतिहास में 14 नवंबर की तारीख देश के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के जन्मदिन के तौर पर दर्ज है। इस दिन को ‘बाल दिवस’ के तौर पर मनाया जाता है। उत्तर प्रदेश के तत्कालीन इलाहाबाद (अब प्रयागराज) में 14 नवंबर 1889 को जन्मे जवाहरलाल नेहरू को बच्चों से विशेष लगाव था और बच्चे उन्हें ‘‘चाचा नेहरू’’ कहकर पुकारते थे।
भारत में 1964 से पहले तक बाल दिवस 20 नवंबर को मनाया जाता था, लेकिन जवाहरलाल नेहरू के निधन के बाद उनके जन्मदिन अर्थात 14 नवंबर को ‘बाल दिवस’ के रूप में मनाने का फैसला किया गया। कई देशों में एक जून को बाल दिवस के तौर पर मनाया जाता है। कुछ देश संयुक्त राष्ट्र की घोषणा के अनुरूप 20 नवंबर को बाल दिवस मनाते हैं।
इतिहास में 14 नवंबर की तारीख में दर्ज प्रमुख घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है:- 1681 : ईस्ट इंडिया कंपनी ने बंगाल को एक अलग रियासत बनाने की घोषणा की। 1889 : स्वतंत्र भारत के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू का जन्म। 1908 : अल्बर्ट आइंस्टीन ने प्रकाश का अपना क्वांटम सिद्धांत प्रस्तुत किया।
1922 : ब्रिटिश ब्रॉडकास्टिंग कॉरपोरेशन (बीबीसी) ने ब्रिटेन में रेडियो सेवा की शुरूआत की। 1935 : आधुनिक जॉर्डन के निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाने वाले शाह हुसैन का जन्म। 1948 : ब्रिटेन के महाराजा चार्ल्स का जन्म।
वह महारानी एलिजाबेथ द्वितीय और प्रिंस फिलिप के सबसे बड़े पुत्र हैं। 1955 : कर्मचारी राज्य बीमा निगम का उद्घाटन। 1964 : आज के दिन को ‘बाल दिवस’ के रूप में मनाने का आधिकारिक ऐलान।
1969 : अपोलो-12 यान को प्रक्षेपित किया गया, जो तीन अंतरिक्षयात्रियों को लेकर आकाश की अनंत गहराइयों को पार करते हुए चंद्रमा पर पहुंचा। 1973 : महारानी एलिजाबेथ की एकमात्र पुत्री राजकुमारी ऐनी ने फौज में लेफ्टिनेंट मार्क फिलिप्स से विवाह किया। यह शाही परिवार के किसी सदस्य का किसी आम शहरी से विवाह करने का विरला अवसर था।
1991: अमेरिका ने लॉकर्बी हमले के लिए लीबिया के दो गुप्तचर अधिकारियों को दोषी ठहराया और उन्हें अमेरिका के हवाले करने की मांग की। 2006 : भारत तथा पाकिस्तान के विदेश सचिवों ने नयी दिल्ली में एक महत्वपूर्ण बैठक के दौरान आतंकवाद निरोधक तंत्र विकसित करने पर सहमति जतायी। 2008 : ‘मून इंपैक्ट प्रोब’ चांद की सतह पर उतरा।
2021 : इक्वाडोर की सबसे बड़ी जेल ‘लिटोरल पेनिटेंशरी’ में प्रतिद्वंद्वी गिरोहों के बीच गोलीबारी में 68 कैदी मारे गए और 25 लोग घायल हो गए। 2022 : उदारवादी नेता नतासा पर्क मूसर स्लोवेनिया की पहली महिला राष्ट्रपति चुनी गईं। 2023 : भारत की प्रसिद्ध ‘स्काइडाइवर’ शीतल महाजन ने माउंट एवरेस्ट के सामने 21,500 फुट की ऊंचाई से हेलीकॉप्टर से छलांग लगाने वाली दुनिया की पहली महिला बनकर एक नयी उपलब्धि हासिल की।
2025: इजराइल ने 15 फलस्तीनियों के शव लौटाए।