China के Export में अगस्त में 25 प्रतिशत उछाल, Trade Surplus 119 अरब डॉलर पार

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Sep 08, 2026

बैंकॉक, आठ सितंबर (एपी) चीन का निर्यात अगस्त में सालाना आधार पर 25 प्रतिशत बढ़ा। सीमा शुल्क एजेंसी ने मंगलवार को बताया कि मोटर वाहन और उच्च प्रौद्योगिकी वाले सामान की मजबूत मांग से निर्यात को बढ़ावा मिला। जुलाई में निर्यात सालाना आधार पर 23.9 प्रतिशत बढ़ा था।

चीन का व्यापार अधिशेष पिछले साल रिकॉर्ड 1.2 लाख करोड़ डॉलर तक पहुंच गया था। हालांकि, चीन का कहना है कि उसका व्यापार अधिशेष को अधिकतम करने का कोई लक्ष्य नहीं है। अमेरिका को चीन का निर्यात अगस्त में सालाना आधार पर 34.4 प्रतिशत बढ़कर 42.5 अरब डॉलर हो गया।

इसकी मुख्य वजह यह है कि अमेरिका द्वारा ऊंचे शुल्क लगाए जाने से पिछले साल चीन का निर्यात घट गया था। आंकड़ों के अनुसार, चीन को अमेरिका का निर्यात पिछले महीने 13.3 अरब डॉलर रहा। इस तरह चीन के पक्ष में करीब 29.2 अरब डॉलर का व्यापार अधिशेष रहा।

यूरोपीय संघ (ईयू) को चीन का निर्यात 6.6 प्रतिशत बढ़ा, जबकि दक्षिण-पूर्व एशिया और लातिन अमेरिका को निर्यात में क्रमशः 30.2 प्रतिशत और 17.5 प्रतिशत की वृद्धि हुई। नीदरलैंड के बैंक आईएनजी में ग्रेटर चीन के मुख्य अर्थशास्त्री लिन सॉन्ग ने कहा कि चीन का निर्यात लगातार आयात से अधिक रहा है और ‘‘इस साल व्यापार अधिशेष के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने के आसार हैं।’’ सीमा शुल्क के आंकड़ों के अनुसार, अगस्त में वाहनों का निर्यात सालाना आधार पर 43 प्रतिशत जबकि सेमीकंडक्टर का 129.8 प्रतिशत बढ़ गया। घरेलू स्तर पर चीन अब भी अपनी अर्थव्यवस्था को गति देने के लिए संघर्ष कर रहा है, क्योंकि कई वर्षों से जारी रियल एस्टेट क्षेत्र के संकट के बाद खपत और निवेश कमजोर बने हुए हैं।

चीन की सरकार ने रविवार को कहा था कि वह अपनी अर्थव्यवस्था को गति देने में मदद के लिए सरकारी बैंकों और बीमा कंपनियों में करीब 54 अरब डॉलर डालेगी।

प्रमुख खबरें

Tamil Nadu की 2 सीटों पर By-election 6 अक्टूबर को, TVK सरकार की पहली परीक्षा

Bhupen Hazarika Birth Anniversary: 10 साल की उम्र में पहला Song, जानिए ब्रह्मपुत्र के कवि का सांस्कृतिक प्रभाव

Bigg Boss 20 | डॉन आ गई है!, Mahhi Vij की बिग बॉस 20 में ग्रैंड एंट्री, एक्स-हसबैंड Jay Bhanushali ने दिया खास रिएक्शन

Kashmir फिर बनेगा Bollywood का फेवरेट डेस्टिनेशन? Rang-E-Cinema International Film Festival ने दिया बड़ा संदेश