By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 16, 2026
कांग्रेस की हरियाणा इकाई आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों और संगठनात्मक रणनीति पर चर्चा करने के लिए मंगलवार को करनाल में एक बैठक करेगी। पार्टी के एक नेता ने सोमवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बैठक में जिला कांग्रेस अध्यक्ष, जिला कांग्रेस महासचिव (संगठन), सभी आनुषांगिक संगठनों, प्रदेश कांग्रेस के प्रकोष्ठों एवं विभागों के प्रदेश स्तरीय अध्यक्ष हिस्सा लेंगे।
इस बैठक में मुख्य रूप से 26 नवंबर (संविधान दिवस) के संविधान बचाओ मार्च की तैयारियों, वोट रक्षक कार्यक्रम की शुरुआत और पूरे हरियाणा में जारी वोट बचाओ, देश बचाओ चौपाल अभियान की समीक्षा पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश कांग्रेस प्रमुख राव नरेंद्र सिंह करेंगे। पार्टी के हरियाणा मामलों के प्रभारी संजय दत्त मुख्य अतिथि के रूप में इसमें शामिल होंगे।
सोमवार को, संजय दत्त ने राव नरेंद्र सिंह और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के साथ एक बैठक की, जिसमें आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों और संगठनात्मक रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। पार्टी की प्रदेश इकाई के अनुसार, नेताओं ने राज्य में जारी वोट बचाओ, लोकतंत्र बचाओ चौपाल अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन और इसे जनता से मिल रहे उत्साह एवं समर्थन पर संतोष व्यक्त किया। इसने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य लोकतंत्र के बचाव में, और चुनावी गड़बड़ियों तथा वोट चोरी के खिलाफ जनमत तैयार करना है।
इसके बाद, दत्त ने कांग्रेस महासचिवों कुमारी सैलजा और रणदीप सिंह सुरजेवाला, रोहतक के सांसद दीपेंद्र हुड्डा, प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्षों, सांसदों और कांग्रेस के अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ भी विचार-विमर्श किया। चर्चा आगामी कार्यक्रमों की तैयारी, संगठनात्मक रणनीति और उनके सफल क्रियान्वयन के लिए प्रभावी समन्वय सुनिश्चित करने पर केंद्रित रही। वरिष्ठ नेताओं से सुझाव भी मांगे गए।
दत्त ने कहा कि करनाल में होने वाली यह बैठक आगामी कार्यक्रमों के लिए एक स्पष्ट संगठनात्मक दिशा तय करने और पार्टी की जिला इकाइयों, आनुषांगिक संगठनों, प्रकोष्ठों और विभागों के बीच प्रभावी समन्वय सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।