पश्चिमी पाबंदियों के बीच China की खुफिया एजेंसी जुटा रही उन्नत AI चिप: रिपोर्ट

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 22, 2026

चीन की खुफिया एजेंसी ने उन्नत सेमीकंडक्टर चिप हासिल करने और दुनिया भर के चिप उद्योग से खुफिया जानकारी जुटाने को अपनी प्राथमिकता बनाया है और पश्चिमी देशों की ओर से लगाए गए निर्यात प्रतिबंधों से निपटने लिए कम से कम दो साल से अभियान चला रखा है। यह बात न्यूयॉर्क टाइम्स की एक खबर में कही गई। खबर के मुताबिक, चीन के राज्य सुरक्षा मंत्रालय (एमएसएस) ने अपने प्रमुख चेन यिशिन के नेतृत्व में एक कार्यसमूह बनाया है और इस अभियान के तहत चीनी कंपनियों को उन्नत चिप हासिल करने तथा उनकी तस्करी करके चीन लाने में मदद की जा रही है।

न्यूयॉर्क टाइम्स ने कहा कि इसके अलावा सेमीकंडक्टर उद्योग और उसकी आपूर्ति शृंखला से जुड़ी खुफिया जानकारी भी जुटाई जा रही है। यह जानकारी एशिया, अमेरिका और यूरोप के मौजूदा तथा पूर्व सुरक्षा एवं खुफिया अधिकारियों के हवाले से दी गई। यह खुलासा ऐसे समय हुआ है, जब अमेरिकी अधिकारी चीनी महिला उद्योगपति एलिस हुआंग की जांच कर रहे हैं, जो कथित तौर पर चीनी खुफिया एजेंसी के लिए काम करते हुए एनवीडिया के सह-संस्थापक व पूर्व मुख्य कार्यकारी अधिकारी जेनसन हुआंग की जासूसी कर रही थीं।

शनिवार को प्रकाशित न्यूयॉर्क टाइम्स की यह खबर 20 नवंबर को अखबार में प्रकाशित एक अन्य खबर के बाद आई है। उस खबर में बताया गया था कि एलिस हुआंग के परिवार से जुड़ी कंपनियों के चीन की सरकारी रक्षा कंपनियों के साथ बड़े पैमाने पर अप्रत्यक्ष संबंध हैं, जो पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) को सामान और सेवाएं उपलब्ध कराती हैं। बीस नवंबर की खबर में स्वतंत्र खुफिया कंपनी स्ट्राइडर टेक्नोलॉजीज के गोपनीय विश्लेषण और कंपनियों के दस्तावेजों की जांच का हवाला देते हुए कहा गया था कि चीन सरकार की ओर से करीब 3.6 अरब डॉलर की रकम एलिस हुआंग के परिवार या उनके कारोबारी सहयोगियों से जुड़ी कंपनियों के जरिए भेजी गई थी।

खबर के मुताबिक, इस पैसे का इस्तेमाल प्रौद्योगिकी परियोजनाओं में किया गया जिनमें ऐसे डेटा सेंटर भी शामिल थे, जिन्हें एनवीडिया की चिप मिली थीं। हालांकि, खबर में कहा गया कि जांच से यह साबित नहीं हुआ है कि चीनी सेना ने वास्तव में इन डेटा सेंटर की कंप्यूटिंग क्षमता का इस्तेमाल किया था या नहीं। चीन ने जासूसी के इन आरोपों को पूरी तरह मनगढ़ंत बताते हुए खारिज किया है।

शनिवार को प्रकाशित न्यूयॉर्क टाइम्स की खबर के अनुसार, चीन के राज्य सुरक्षा मंत्रालय का यह अभियान राष्ट्रपति शी चिनफिंग की उस बड़ी योजना का हिस्सा है, जिसके तहत चीन प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनना और अमेरिका तथा उसके सहयोगी देशों की ओर से लगाए गए प्रतिबंधों से पार पाना है। खबर के मुताबिक, इस अभियान का समन्वय सत्तारूढ़ कम्युनिस्ट पार्टी के स्तर पर केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी आयोग कर रहा है, जिसकी स्थापना शी चिनफिंग ने 2023 में की थी। इसमें कहा गया है कि इसकी अगुवाई पोलित ब्यूरो की स्थायी समिति के सदस्य डिंग शुएशियांग कर रहे हैं।

चेन ने 2022 के आखिर में चीन के राज्य सुरक्षा मंत्री का पद संभाला था। वह कई बार पश्चिमी देशों के तकनीकी प्रतिबंधों के खिलाफ अभियान को अपने मंत्रालय की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी बता चुके हैं।

प्रमुख खबरें

शाम की बड़ी खबरें: PM Narendra Modi और बालेन्द्र शाह की वार्ता से लेकर CAQM निर्देश तक

West Bengal में Adani Group को मिला 1750 MW बिजली सप्लाई का 25 साल का बड़ा कॉन्ट्रैक्ट

यूपी में गठबंधन का गणित शुरू, Akhilesh Yadav ने उतारी 4 नेताओं की टीम; अब सीटों पर होगी बात

Himanta Biswa Sarma ने कहा: असम को पूर्वी भारत की Skill Capital बनाना सरकार का लक्ष्य