By एकता | Nov 22, 2026
उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सोमवार से सीटों के बंटवारे को लेकर बातचीत शुरू होगी। इसके लिए सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने चार सदस्यों की एक कमेटी बनाई है। इस कमेटी की अगुवाई सपा के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव रामगोपाल यादव करेंगे। कमेटी में रामगोपाल यादव के अलावा सपा प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल, सांसद राजीव राय और सांसद इकरा हसन चौधरी को शामिल किया गया है।
सपा की यह कमेटी कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों के साथ सीटों के बंटवारे पर बातचीत करेगी। कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम के मुताबिक, 23 और 24 नवंबर को दोनों पार्टियों के प्रतिनिधिमंडल की बैठक होगी।
उन्होंने कहा कि हर सीट पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। राजेंद्र पाल गौतम ने कहा, “एक-एक सीट पर तार्किक चर्चा होगी। इसके बाद हम सौहार्दपूर्ण और सम्मानजनक समझौता करेंगे। उत्तर प्रदेश की जनता को इस तानाशाह सरकार से मुक्ति दिलाने के लिए सपा और कांग्रेस के साथ पूरा इंडिया गठबंधन मिलकर चुनाव लड़ेगा।”
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पहले ही साफ कर चुके हैं कि सीटों का बंटवारा जीत की संभावना के आधार पर होगा। जिस सीट पर जिस पार्टी या उम्मीदवार की स्थिति मजबूत होगी, उसे वहां से चुनाव लड़ने का मौका दिया जाएगा।
समाजवादी पार्टी इस बार मजबूत उम्मीदवारों का चयन करने के लिए आंकड़ों का विश्लेषण करने वाले विशेषज्ञों की मदद भी ले रही है। सपा सांसद राजीव राय ने गठबंधन में सीटों के बंटवारे को लेकर कहा, “मैं परसों इस बात का खुलासा करूंगा। हमारे अध्यक्ष ने कहा है और हम भी दोहरा रहे हैं कि सवाल सीट का नहीं, बल्कि जीत का है। विचार यह किया जा रहा है कि कौन-कौन सी सीटें हम मिलकर जीत सकते हैं।”
कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने सपा के साथ होने वाली बैठक को लेकर कहा कि दोनों पार्टियां बैठकर सीटों पर चर्चा करेंगी। उन्होंने कहा, “कल हमारी बैठक है और वहां बैठकर चर्चा होगी। यह दोनों पार्टियों की संयुक्त बैठक है। सीटों की संख्या को लेकर मनमानी नहीं होती। हम चाहते हैं कि गठबंधन जीते और उत्तर प्रदेश में इंडिया गठबंधन की सरकार बने।” इमरान मसूद ने आगे कहा कि इसके लिए जरूरी है कि दोनों पार्टियां आपसी तालमेल बनाकर चुनाव मैदान में उतरें।