China में विदेशी एजेंसी के लिए जासूसी करने पर पूर्व अधिकारी को मिली मौत की सजा

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 24, 2026

चीन में एक अधिकारी को किसी अन्य देश के लिए जासूसी करने के मामले में मौत की सजा सुनाई गई है। सरकार से जुड़े एक प्रकाशक ने सोमवार को यह जानकारी दी। चीन के राष्ट्रीय गोपनीय सूचना संरक्षण प्रशासन से जुड़े प्रकाशन संस्थान ‘गोल्ड वॉल प्रेस’ ने बताया कि दोषी अधिकारी का उपनाम मा है।

उसने बताया कि मा के विदेश में काम करने के दौरान एक विदेशी खुफिया एजेंसी ने उससे संपर्क किया था और उसे अपने लिए काम करने के लिए तैयार कर लिया था। चीन की अदालतें आमतौर पर राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मामलों की जानकारी सार्वजनिक नहीं करतीं, लेकिन हाल के वर्षों में राष्ट्रीय सुरक्षा मंत्रालय और ‘गोल्ड वॉल प्रेस’ ने गिरफ्तारियों की जानकारी सार्वजनिक करना शुरू किया है। इसके अलावा, वे सोशल मीडिया, फिल्मों और कॉमिक्स के जरिए भी लोगों को जासूसी के खतरों के प्रति आगाह कर रहे हैं।

बयान में कहा गया कि मा ने एक सहयोग समझौते पर हस्ताक्षर किए थे जिसमें ‘‘गोपनीयता’’ और ‘‘वफादारी’’ से संबंधित शर्तें थीं तथा उसे हर महीने एक निश्चित राशि का भुगतान किया जाता था। बयान के अनुसार, मा ने राष्ट्रीय गोपनीय सूचनाओं की श्रेणी में आने वाली कुल 35 जानकारियां साझा कीं जिसके एवज में उसे 10 लाख युआन (1,50,000 अमेरिकी डॉलर) से अधिक का भुगतान किया गया। पोस्ट में कहा गया कि ‘काइलिन’ नाम के एक खुफिया एजेंट ने चीनी भाषा सीखने में रुचि का हवाला देकर ‘‘मा से अक्सर मिलने की योजना बनाई ताकि उससे संपर्क बढ़ाया जा सके।’’ काइलिन ने बाद में मा को अपने एक सहकर्मी से मिलवाया जिसने धमकी दी कि यदि उसने सहयोग करने से इनकार किया तो वह पहले साझा की गई सूचनाओं के बारे में चीनी प्राधिकारियों को बता देगा।

पोस्ट में यह नहीं बताया गया कि इस मामले में कौन-कौन से देश शामिल थे, मा को कब और कहां सजा सुनाई गई तथा उसकी मौत की सजा पर अमल हुआ है या नहीं। यह मामला ऐसे समय में सामने आया है जब अमेरिकी खुफिया एजेंसियां चीन में अपने लिए मुखबिरों की भर्ती के प्रयासों को प्रचारित कर रही हैं। अमेरिका की केंद्रीय खुफिया एजेंसी (सीआईए) के यूट्यूब चैनल पर सबसे अधिक देखे गए पांच वीडियो मंदारिन भाषा में जारी भर्ती संबंधी विज्ञापन हैं।

‘गोल्ड वॉल प्रेस’ ने कहा, ‘‘यह चौंकाने वाला मामला सतर्क होने की जरूरत की एक बार फिर याद दिलाता है।’’ उसने आगाह किया कि विदेशी खुफिया एजेंसियां ‘‘कुटिल’’ हैं और महत्वपूर्ण पदों पर बैठे लोगों को अपने लिए काम करने के वास्ते तैयार करने के लिए भावनात्मक संबंधों, आर्थिक हितों और धमकियों का सहारा लेती हैं। बयान में अधिकारियों से सतर्क रहने, कम्युनिस्ट पार्टी के प्रति अपनी निष्ठा मजबूत करने, राष्ट्रीय गोपनीय सूचनाओं की रक्षा करने और विदेशी खुफिया एजेंसियों के भर्ती संबंधी प्रयासों से सावधान रहने का भी आग्रह किया गया।

प्रमुख खबरें

Hush Money Case में Donald Trump को बड़ी राहत, संघीय अदालत में ट्रांसफर हो सकता है मामला

Amol Palekar Birthday:: Amol Palekar ने Bank of India की नौकरी छोड़ शुरू की एक्टिंग, Golmaal से मिली पहचान

Dev Deepawali: काशी के गंगा घाटों पर देव दीपावली आज, त्रिपुरासुर वध के बाद देवताओं ने जलाए थे दीप

नेपाल में 5.6 तीव्रता का Earthquake, सिक्किम और उत्तर बंगाल में कांपी धरती